अब दहशत फैलाने वालों की खैर नहीं! कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलते ही मचा हड़कंप, घंटों चली तलाशी

बदायूं जिला न्यायालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और पुलिस ने घंटों तक हर कोने की तलाशी ली।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 15 July 2026, 4:38 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला। सूचना मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पूरे न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।

बम की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते और पुलिस की कई टीमें न्यायालय पहुंचीं और पूरे परिसर की सघन चेकिंग की गई। करीब 2 घंटे चले अभियान के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

आधिकारिक ईमेल पर आया धमकी भरा मेल

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह जनपद न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर एक धमकी भरा संदेश आया। भेजने वाले ने लिखा कि न्यायालय को बम से उड़ा दिया जाएगा। ईमेल मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

ये भी पढ़ें- फेसबुक पर दोस्ती… ट्रेडिंग का लालच… फिर एक करोड़ की ठगी! मुज़फ्फरनगर पुलिस ने खोला साइबर गैंग का बड़ा राज”

सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और थाना सिविल लाइन पुलिस फोर्स के साथ न्यायालय पहुंची। पुलिस ने न्यायालय आने-जाने वाले हर व्यक्ति की चेकिंग शुरू कर दी। वकीलों, वादकारियों और कर्मचारियों के बैग, फाइलें और वाहनों की भी तलाशी ली गई।

पूरे परिसर में चला चेकिंग अभियान

बम निरोधक दस्ते ने न्यायालय की हर कोर्ट रूम, वकीलों के चैंबर, शौचालय, पार्किंग और परिसर में रखे डस्टबिन तक को चेक किया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक न्यायालय में प्रवेश और निकासी को रोका गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज

चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों का कहना था कि यह सिर्फ एक एहतियाती कदम है। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला, तब बम निरोधक दस्ता वापस लौट गया। इसके बाद न्यायालय का कामकाज सामान्य रूप से शुरू हुआ।

ये भी पढ़ें- बाबा बनकर लोगों को फंसाने वाले ठगों का खेल खत्म, जीजा-साले की चालाकी का हुआ पर्दाफाश

पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ईमेल की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से भेजने वाले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

इससे पहले भी बदायूं के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल आ चुका है। उस समय भी जांच में कुछ नहीं मिला था। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है।

Location :  Budaun

Published :  15 July 2026, 4:38 PM IST

Advertisement