एक शिकायत, 8 लाख का दावा और उठे कई सवाल… महराजगंज आबकारी मामले में आखिर क्या है पूरा सच?

महराजगंज में जिला आबकारी अधिकारी पर लाइसेंसी शराब दुकान संचालक से रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायतकर्ता ने 8 लाख रुपये महिला के खाते में ट्रांसफर कराने, वीडियो-ऑडियो और बैंक लेनदेन के साक्ष्य होने का दावा करते हुए डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Maharajganj: जनपद के आबकारी विभाग में उस समय हलचल मच गई, जब जिला आबकारी अधिकारी के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी की शिकायत जिलाधिकारी तक पहुंच गई। कोल्हुई थाना क्षेत्र के जिग्निहा गांव स्थित लाइसेंसी देशी शराब दुकान से जुड़े शिकायतकर्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

हर महीने पैसे मांगने का लगाया आरोप

शिकायतकर्ता संदीप विश्वकर्मा ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी माता के नाम आवंटित देशी शराब दुकान के संचालन के लिए शुरुआत में हर महीने 5 हजार रुपये की मांग की गई।

शिकायत में दावा किया गया है कि इसके बाद अलग-अलग समय पर लाखों रुपये लिए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि कई भुगतान बैंक खाते के माध्यम से किए गए, जिनका रिकॉर्ड मौजूद है।

8 लाख रुपये ट्रांसफर का दावा, बैंक रिकॉर्ड का जिक्र

मामले का सबसे गंभीर आरोप 2 जून 2026 से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार बहदुरी बाजार स्थित बड़ौदा यूपी बैंक से जिला आबकारी अधिकारी के कहने पर 8 लाख रुपये एक महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए।

शिकायतकर्ता ने अपने प्रार्थना पत्र में इस लेनदेन के बैंक रिकॉर्ड होने का भी दावा किया है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

बदरीनाथ मंदिर फंड का वो सीक्रेट, जिसे लेकर हेमंत द्विवेदी ने गणेश गोदियाल को सीधे धाम पर बुलाया!

ऑडियो-वीडियो साक्ष्य होने का दावा

शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि रिश्वत मांगने से जुड़े कथित ऑडियो और वीडियो उसके पास सुरक्षित हैं। उसका दावा है कि जरूरत पड़ने पर इन साक्ष्यों को जांच एजेंसियों के सामने पेश किया जाएगा।

आरोप है कि पैसा देने से इनकार करने पर दुकान निरस्त करने, गोदाम से शराब की निकासी रोकने और प्रशासनिक कार्रवाई की धमकी दी जाती रही।

शराब की निकासी रोकने से दुकान बंद होने का आरोप

शिकायत में कहा गया है कि आबकारी विभाग द्वारा गोदाम से शराब की निकासी रोक दिए जाने के कारण पिछले चार दिनों से दुकान बंद है। इससे दुकान संचालक को आर्थिक नुकसान होने का दावा किया गया है।

Budaun: करोड़ों की लागत के बाद भी बदहाल गंगा एक्सप्रेसवे, आधा घंटा लाइन में लगने को मजबूर लोग

निष्पक्ष जांच की मांग, अधिकारी ने आरोपों को बताया निराधार

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

वहीं इस मामले में डाइनामाइट न्यूज ने जब जिला आबकारी अधिकारी अतुल द्विवेदी से उनका पक्ष जाना तो उन्होंने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना था कि इस तरह के आरोप लगते रहते हैं।

अब सभी की नजर प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Location :  Maharajganj

Published :  15 July 2026, 5:04 PM IST

Advertisement