हिंदी
युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला (Img : pinterest)
Mahoba: जिले में देर रात एक युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कानपुर-सागर हाईवे पर छतरपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास घात लगाए बैठे हमलावरों ने बाइक सवार युवक पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में युवक के दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सिर और पैर में भी गहरी चोटें आईं। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, समदनगर निवासी 28 वर्षीय जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ट्रैक्टर चालक है। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह बाइक में पेट्रोल भरवाने के लिए छतरपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप जा रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे रोक लिया और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमलावरों ने युवक पर एक के बाद एक कई वार किए। जिससे उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा सिर और पैर में भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
Encounter in Mahoba: महोबा पुलिस का बदमाशों पर कड़ा एक्शन, देखिए पुलिस ने कैसे सिखाया सबक
घायल के पिता और भाई ने भाजपा के एक पदाधिकारी तथा उसके साथियों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Mahoba
Published : 15 July 2026, 4:28 PM IST
Topics : Axe Attack crime news Mahoba News UP News UP Police