महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, सड़क पर उतरा गुस्सा; जिला अध्यक्ष समेत कई नेता हिरासत में

बदायूं में महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ हुए इस प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया। सड़क पर उतरे कार्यकर्ताओं की नाराजगी और पुलिस की कार्रवाई के बीच पूरा घटनाक्रम तेजी से बदलता रहा। आखिर क्या वजह बनी कि प्रदर्शन इतना उग्र हो गया?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 8 June 2026, 2:48 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं के उसहैत में बढ़ती महंगाई, पेपर लीक और किसानों की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने बदायूं में जोरदार प्रदर्शन किया। उसैहत थाना क्षेत्र के ककराला-म्याऊं चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजित यादव समेत कई पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया।

सरकार मुर्दाबाद के लगे नारे

कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजित यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता ककराला-म्याऊं चौराहे पर इकट्ठा हुए। हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारी सड़क पर उतर आए। उन्होंने बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल के दाम, रसोई गैस सिलेंडर की कीमत और खाद की बढ़ी दरों को मुद्दा बनाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कन्नौज में सनसनीखेज वारदात, कलयुगी बेटे ने पिता की कुल्हाड़ी से काटकर की हत्या; गांव में कोहराम

अजित यादव ने कहा कि "केंद्र और प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। एक तरफ पेपर लीक से युवा ठगा जा रहा है, दूसरी तरफ किसान खाद-बीज के लिए दर-दर भटक रहा है। महंगाई ने हर घर का बजट बिगाड़ दिया है"।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने महंगाई का प्रतीकात्मक पुतला बनाकर उसे आग के हवाले कर दिया। चौराहे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कई नेता हिरासत में

वहीं सूचना मिलते ही उसैहत थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली कराने की कोशिश की। लेकिन जब कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने जिला अध्यक्ष अजित यादव सहित प्रदर्शन में शामिल कई पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया और थाने ले जाकर शांति भंग के आरोप में पाबंद किया।

बेटों की प्रताड़ना से हारा पिता: बुजुर्ग ने मौत तो लगाया गले, पीछे छोड़ गया कई अनसुलझे सवाल

पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति के चौराहे पर प्रदर्शन और पुतला दहन से यातायात बाधित हो रहा था। हिरासत में लिए गए नेताओं को कुछ घंटे बाद मुचलके पर छोड़ दिया गया।

किसान और युवा सबसे ज्यादा परेशान

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने वादे तो बड़े-बड़े किए थे, लेकिन धरातल पर किसानों की आय दोगुनी होने के बजाय खाद-बीज दोगुने महंगे हो गए। डीजल-पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ट्रांसपोर्ट से लेकर सब्जी तक सब महंगा हो गया है। वहीं पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। ककराला-म्याऊं चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन से इलाके में कुछ देर तक जाम की स्थिति भी बनी रही। बाद में पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

Location :  Budaun

Published :  8 June 2026, 2:48 PM IST

Advertisement