हिंदी
पानी की टंकी से गिरकर किशोर की मौत
सिद्धार्थनगर: शहर के कांशीराम आवासीय कॉलोनी में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पानी की टंकी पर रील बनाने गए पांच किशोरों में से एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दो किशोर अभी भी टंकी के ऊपर फंसे हुए हैं। सीढ़ी के टूट जाने के कारण वे नीचे उतर नहीं पा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम उन्हें सुरक्षित बचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
हादसे की वजह बनी जल्दबाजी
जानकारी के अनुसार पांच किशोर दोपहर में पानी की टंकी पर चढ़कर सोशल मीडिया रील बनाने गए थे। रील बनने के बाद जब वे नीचे उतर रहे थे, तो तीन किशोर एक साथ सीढ़ी पर आ गए। जल्दबाजी में सीढ़ी पर अधिक भार पड़ने से वह अचानक टूट गई। तीनों किशोर सीधे नीचे गिर पड़े। तेज आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
जबलपुर क्रूज हादसा: मौत का आंकड़ा बढ़कर 11… सर्च ऑपरेशन में मिले दो मासूम बच्चों के शव
एक किशोर की मौत, दो की हालत चिंताजनक
चिकित्सकों ने 13 वर्षीय सिद्धार्थ पुत्र धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। सिद्धार्थ मोहाना थाना क्षेत्र के झूलनीपुर गांव का निवासी था और अपने रिश्तेदार के यहां कांशीराम कॉलोनी में आया हुआ था। घायल किशोरों में 11 वर्षीय शनि पुत्र बरसाती और 14 वर्षीय गोलू पुत्र चंद्रेश शामिल हैं। दोनों के सीने में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
टंकी पर फंसे दो किशोर, चल रहा बचाव अभियान
इस हादसे में 16 वर्षीय पवन पुत्र मिथलेश और 14 वर्षीय कल्लू पुत्र जमीरुद्दीन टंकी के ऊपर फंस गए हैं। सीढ़ी पूरी तरह टूट जाने के कारण उनके उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रशासन पर्याप्त संसाधनों के साथ बचाव कार्य में जुटा है। ऊंचाई और संसाधनों की कमी के चलते अभी तक उन्हें नीचे उतारने में सफलता नहीं मिल सकी है। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं।
Location : Maharajganj
Published : 2 May 2026, 9:15 PM IST
Topics : Latest News Mahrajganj Siddharthnagar UP News