हिंदी
यूपी चुनाव 2027 से पहले दिल्ली-लखनऊ में लगातार चल रहा महामंथन (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
New Delhi: देश के सबसे बड़े सियासी राज्यों में शुमार उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election 2027) के ऐलान के लिये अभी लगभग आठ माह बाकी हैं लेकिन भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने अपनी रणनीतिक चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। बंगाल चुनाव से उत्साहित भाजपा सबसे अधिक 403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश के लिए खास रणनीति बनाने में जुटी हुई है। इसके लिए लखनऊ से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी है और चुनाव के लिये संगठन को धार देने व मजबूत बनाने के लिये लगातार मंथन चल रहा है।
यूपी चुनाव के मद्देनजर भाजपा सबसे पहले संगठात्मक बदलाव पर फोकस कर रही है। गुरूवार को भाजपा ने दिल्ली समेत चार राज्यों के अध्यक्ष को बदला, जबकि पिछले माह की यूपी में नये भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति की गई। अब भाजपा राज्य में सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष और मोर्चा अध्यक्ष समेत पार्टी पदाधिकारियों को बदलने जा रही है, जिसका ऐलान जल्द हो सकता है। बीजेपी की सभी 6 क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्ष बदले जाएंगे।
माना जा रहा है कि पार्टी इस बार उत्तर प्रदेश बीजेपी संगठन में बड़े बदलाव और फेरबदल कर सकती है। मौजूदा टीम में यह बदलाव 50 फीसदी तक देखा जा सकता है। राज्य कार्यकारिणी में बड़े स्तर पर फेरबदल की संभावना जतायी जा रही है।
इसके बाद आने वाले दिनों में पार्टी द्वारा उम्मीदवार चयन से लेकर बूथ मैनेजमेंट तक की रणनीति को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है, जिससे यूपी में एक बार फिर मजबूत चुनावी बढ़त हासिल की जा सके। इसके साथ ही संगठनात्मक मजबूती, चुनावी संदेश और जमीनी स्तर पर जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि संगठन में युवा चेहरों को तरजीह देने की तैयारी चल रही है। पार्टी इस बार एक कई युवा और नये चेहरों पर दांव लगा सकती है।
पार्टी नेतृत्व इस बार एक ऐसे “स्ट्रैटेजिक गेम प्लान” पर काम कर रहा है, जो न सिर्फ मौजूदा राजनीतिक समीकरणों को साधे बल्कि विपक्ष की चुनौती को भी प्रभावी ढंग से जवाब दे सके। ऐसे में भाजपा ऐसे युवा पदाधिकारियों को भी मौका दे सकती हैं, जो उत्तर प्रदेश के जटिल जातीय गणित के समीकरण को सुलझाने और उनको वोटों में तब्दील करने का माद्दा रखता हो। साथ ही सरकार के कार्यों को लेकर जनता से सीधा संवाद साधने की क्षमता रखता हो। पार्टी संगठन में जोश और अनुभव का संतुलित मिश्रण देखने को मिल सकता है यानि युवाओं के साथ अनुभवी नेताओं को भी जगह दी जायेगी।
हालांकि भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां अंदर ही अंदर तेज कर दी हो लेकिन पार्टी के सामने चुनौतियाँ भी कम नहीं हैं। यूपी में हो रहे एनकाउंटर, बरोजगारी, खेती-किसानी, इन दिनों भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट समेत बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के मुद्दों पर विपक्षी दल समाजवादी पार्टी सरकार लगातार को घेर रही है।
भाजपा के सामने इस समय दूसरी बड़ी चुनौती विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के पीडीए के फार्मूले का विकल्प तलाशना है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पीडीए के फार्मूले के प्रयोग से ही पिछले आम चुनाव में यूपी में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। उनके पीडीए के फार्मूले ने 80 लोकसभा सीटों वाले यूपी में भाजपा को 2024 के आम चुनाव में महज 36 सीटों पर समेट दिया था।
विपक्षी दलों की एकजुट रणनीति पार्टी के लिए कठिन परीक्षा बन सकती है। साथ ही पार्टी के लिये जातीय समीकरणों को साधना और हर क्षेत्र में समान रूप से संगठन को सक्रिय रखना भी बड़ी चुनौती है। यह आने वाला समय तय करेगा कि यूपी चुनाव को लेकर भाजपा जिस तरह से अपनी सियासी रणनीति को धार दे रही है, वह कितनी प्रभावी साबित होगी?
Location : New Delhi
Published : 28 May 2026, 2:42 PM IST