हिंदी
कांवड़ यात्रा से पहले हुई बैठक (Img: Dynamite News)
Muzaffarnagar: सावन महीने की कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुजफ्फरनगर पुलिस ने तीन राज्यों के 348 डीजे संचालकों को नोटिस जारी किया है।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि यात्रा के दौरान अगर किसी ने हुड़दंग किया, आपत्तिजनक गाने बजाए या तय नियमों की अनदेखी की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
आगामी 30 जुलाई से सावन की कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है। इसे देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस के अनुसार, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से आने वाले डीजे संचालकों को नोटिस भेजा गया है। नोटिस में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
मुजफ्फरनगर में ड्रग्स माफिया पर पुलिस का बड़ा प्रहार, लाखों के गांजे के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
डीजे और बड़ी कांवड़ लेकर चलने वालों को भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक कांवड़ और झांकियों की ऊंचाई अधिकतम 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट तक रखने को कहा गया है। इसके अलावा डीजे की आवाज भी निर्धारित मानकों के अनुसार ही रखनी होगी।
कांवड़ यात्रा का बड़ा हिस्सा मुजफ्फरनगर जिले से होकर गुजरता है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों शिवभक्त इस मार्ग से हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों की ओर जाते हैं। हरिद्वार के बाद मुजफ्फरनगर सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव माना जाता है। इसी कारण जिला प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता।
पुलिस ने करीब 200 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग भी की गई है।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने कांवड़ यात्रा की सुरक्षा के लिए एटीएस, पीएसी, सीआरपीएफ, आरआरएफ और होमगार्ड जवानों की तैनाती की योजना बनाई है। एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए जिले को 9 सुपर जोन, 16 जोन, 88 सेक्टर, 185 सब सेक्टर और 53 सब जोन में बांटा गया है। इसके अलावा करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा टीमें भी मुस्तैद रहेंगी।
सात बच्चों की मां समधी के साथ फरार… पति ने पूछा तो फोन पर मिला चौंकाने वाला जवाब
इस बार कांवड़ यात्रा पर आधुनिक तकनीक से भी नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने करीब ढाई हजार सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे रूट की निगरानी करने की तैयारी की है। अधिकारियों के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे, जहां से यात्रा की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। खासतौर पर संवेदनशील क्षेत्रों और कांवड़ शिविरों में अतिरिक्त निगरानी की जाएगी।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान डंडे, हथियार जैसी वस्तुएं लेकर न चलें और वाहनों में नियमों के खिलाफ बदलाव न करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
Location : Muzaffarnagar
Published : 17 July 2026, 7:26 PM IST
Topics : Kanwar Yatra muzaffarnagar news UP News