पत्नी को ढूंढते-ढूंढते पहुंच गया रिश्तेदार के घर… मासूम बच्ची को उठाने की कोशिश, फिर हुआ कुछा ऐसा…

गोरखपुर में एक युवक की हरकत ने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया। पत्नी की तलाश में पहुंचे आरोपी पर घर में घुसकर मासूम बच्ची को उठाने की कोशिश और धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

Gorakhpur: गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पत्नी की तलाश में निकला एक युवक अपने रिश्तेदार के घर पहुंच गया और वहां घुसकर दो साल की मासूम बच्ची को उठाने का प्रयास किया। परिवार के विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धमकाया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

बच्ची को उठाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार, घटना 16 जुलाई 2026 की रात की है। पीड़ित परिवार ने गुलरिहा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक देर रात उनके घर में जबरन घुस आया। परिवार का आरोप है कि आरोपी ने ब्लेड से मच्छरदानी काट दी, जिसमें दो वर्षीय बच्ची सो रही थी। इसके बाद उसने बच्ची को उठाने का प्रयास किया। अचानक हुई इस हरकत से परिवार के लोग जाग गए और उन्होंने आरोपी को रोकने की कोशिश की।

मुजफ्फरनगर में ड्रग्स माफिया पर पुलिस का बड़ा प्रहार, लाखों के गांजे के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर हथौड़ा दिखाकर परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा होने पर आरोपी बच्ची को छोड़कर घर की छत के रास्ते भाग निकला।

सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही गुलरिहा थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में एक टीम गठित की गई। टीम ने मामले से जुड़े सुराग जुटाए और आरोपी तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए।

पत्नी विवाद के बाद घर छोड़कर चली गई

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान रियाजुद्दीन पुत्र ख्वाजा मैनुद्दीन उर्फ अलाउद्दीन के रूप में हुई। वह गोरखपुर के गाहासाड, पोस्ट सहजनवा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के बाद उसकी पत्नी ससुराल छोड़कर चली गई थी।

चाय की चुस्की या नशे का कारोबार? महराजगंज में टी-स्टॉल पर पुलिस की रेड, करीब 2 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

आरोपी अपनी पत्नी की तलाश करते हुए उसके ननिहाल पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसने रिश्तेदार के घर में घुसकर इस घटना को अंजाम दिया।

पुलिस टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार

गुलरिहा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना गुलरिहा में मुकदमा संख्या 566/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजीत कुमार, कांस्टेबल अभिषेक यादव और कांस्टेबल आशुतोष राजभर शामिल रहे।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 July 2026, 7:41 PM IST

Related News

Advertisement