हिंदी
फरेंदा पुलिस ने अवैध गांजा बरामद किया (फोटो: डाइनामाइट न्यूज)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को पुलिस ने अंबेडकर तिराहे से महराजगंज जाने वाले मार्ग पर स्थित एक चाय की दुकान पर छापेमारी कर 1.998 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
फरेंदा पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग चाय की दुकान के पास अवैध गांजे के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर संदिग्ध लोगों को रोक लिया। तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1.998 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर थाने पहुंची और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
यहां भी पढ़ें: Maharajganj: NEET-UG में फरेंदा के सत्यम जायसवाल का जलवा, जानिए उनकी बड़ी सफलता के पीछे किसका है हाथ?
पुलिस ने इस मामले में पिता और उसके दो पुत्रों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 67 वर्षीय रामवृक्ष गुप्ता, 35 वर्षीय संजय गुप्ता और 30 वर्षीय वीरेंद्र कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों आरोपी फरेंदा थाना क्षेत्र के लाजपत नगर वार्ड संख्या-17 के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना फरेंदा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस अभियान को सफल बनाया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सौरभ पटेल, कांस्टेबल आज्ञाराम यादव, अनिल यादव, विनय मौर्य और महिला कांस्टेबल सीमा कुमारी शामिल रहीं।
यहां भी पढ़ें: Maharajganj: शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 8 खंड शिक्षा अधिकारियों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
फरेंदा पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 17 July 2026, 6:48 PM IST
Topics : Farenda Police Illegal Ganja Seized Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) ndps act Uttar Pradesh crime news