यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: रोडवेज और स्लीपर बस में टक्कर, एक की मौत और 24 से अधिक घायल

हादसा इतना जबरदस्त था कि स्लीपर बस रेलिंग तोड़कर सड़क के नीचे जा गिरी। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की यह रिपोर्ट

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 May 2025, 12:01 PM IST
google-preferred

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात दो बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की पिंक बस को पीछे से आ रही एक निजी स्लीपर बस ने जोरदार टक्कर मार दी।

डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि स्लीपर बस रेलिंग तोड़कर सड़क के नीचे जा गिरी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में पांच की हालत नाजुक बनी हुई है।

कैसे हुआ हादसा?

घटना राया थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 110 के पास हुई। लखनऊ से दिल्ली जा रही पिंक बस जैसे ही आगरा-नोएडा मार्ग पर यात्रियों को उतारने के लिए धीमी हुई, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही आगरा के बाह से दिल्ली जा रही निजी स्लीपर बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्लीपर बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।

मौत और घायलों की स्थिति

राया थाना प्रभारी अजय कौशल ने जानकारी दी कि हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से अंकित नामक युवक की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। बाकी घायलों में कई की हालत गंभीर है।

घायलों की सूची

खुशबू, मनोज कुमारी, राम लखन, नफीज, मनोज कुमार, प्रतिमा, पारुल (गाजियाबाद), नूर फातिमा (दिल्ली), इक्खतार अहमद, विजय, राजेंद्र, आसिफ खान (मेरठ), मीरा (धौलपुर), नूरजहां, राम सिया राठौर, दिव्यांशु, राजेश सिंह और धनीराम।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच घायलों को तुरंत नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बसों को क्रेन की मदद से हटाकर एक्सप्रेसवे पर यातायात बहाल किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि निजी स्लीपर बस के चालक ने इतनी लापरवाही क्यों बरती।

सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर से तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे वाहनों की वजह से यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह एक्सप्रेसवे पहले भी कई गंभीर हादसों का गवाह बन चुका है, लेकिन फिर भी निगरानी और सख्ती का अभाव यहां स्पष्ट दिखाई देता है।

Location : 
  • Mathura

Published : 
  • 6 May 2025, 12:01 PM IST

Advertisement
Advertisement