हिंदी
पति के सामने बीवी-बेटी की मौत
Ghazipur: जिले के बरेसर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। हादसा दो बाइकों के ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान हुआ, जब सामने से आ रहे बालू लदे ट्रेलर से टक्कर हो गई। घटना लखनौली गांव के पास बाराचवर-रसड़ा मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार, मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बैरान गांव निवासी रणजीत चौरसिया अपनी पत्नी कुसुम देवी (38), बेटी अनन्या (9) और छोटे भाई की बेटी कृति (7) को बाइक से लेकर रसड़ा स्थित बहन के घर निमंत्रण में जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रही एक बाइक ओवरटेक करने लगी। असंतुलन के बीच सामने से आ रहे बालू लदे ट्रेलर से टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार कुसुम देवी और दोनों बच्चियां सड़क पर गिर गईं और ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं, जिससे तीनों की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई। बाइक चला रहे रणजीत सड़क के दूसरी ओर गिरने से बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मार्ग जाम
दर्दनाक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रात करीब 7:15 बजे बाराचवर-रसड़ा मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि मुहम्मदाबाद एसडीएम डा. हर्षिता तिवारी, कासिमाबाद एसडीएम लोकेश कुमार और मुहम्मदाबाद सीओ सुधाकर पांडेय के समझाने-बुझाने के बाद रात 9:10 बजे जाम समाप्त कराया गया।
परिवार में मचा कोहराम
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। निमंत्रण में जा रहा खुशहाल परिवार कुछ ही पलों में उजड़ गया। मां और दो मासूम बच्चियों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Ghazipur
Published : 26 February 2026, 4:56 AM IST
Topics : ghazipur news Ghazipur police Road Accident UP News