पेपर लीक के विरोध में बरेली में छात्रों का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला आक्रोश मार्च

बरेली में पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों और युवाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। परिवर्तनकामी छात्र संगठन (पछास) के नेतृत्व में निकाले गए आक्रोश मार्च में प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, पेपर लीक पर सख्त रोक और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 20 July 2026, 9:20 PM IST
google-preferred

Bareilly: बरेली में सोमवार को पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों और युवाओं ने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया। परिवर्तनकामी छात्र संगठन (पछास) के नेतृत्व में दामोदर स्वरूप पार्क में सभा का आयोजन किया गया। सभा के बाद बड़ी संख्या में छात्र और युवा अय्यूब खां चौराहे तक आक्रोश मार्च निकालते हुए पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग की।

पेपर लीक से छात्रों का भविष्य प्रभावित

सभा को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ रहा है। उनका कहना था कि छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन पेपर लीक की घटनाओं के कारण उनकी मेहनत बेकार चली जाती है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार इस समस्या पर प्रभावी रोक लगाने में असफल रही है।

यहां भी पढ़ें: Bareilly News: नाश्ता लेकर लौट रहे थे मासूम चचेरे भाई-बहन, रास्ते में काल बनकर गिरी जर्जर दीवार

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। उनका कहना था कि जब तक पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़े कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक छात्रों का भरोसा परीक्षा प्रणाली पर वापस नहीं लौटेगा।

छात्रों की चिंता हुई जाहिर

बरेली कॉलेज के छात्र देवाशीष ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से छात्र और उनके अभिभावक मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बार-बार परीक्षा रद्द होने और नई तिथि का इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनका समय और मेहनत दोनों प्रभावित होते हैं। छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की।

कई संगठनों ने दिया समर्थन

इस प्रदर्शन में क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, इंकलाबी मज़दूर केंद्र और ऑटो रिक्शा टेंपो चालक वेलफेयर एसोसिएशन सहित कई सामाजिक संगठनों ने भी समर्थन दिया। सभी संगठनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग दोहराई।

यहां भी पढ़ें: Bareilly: इंसानियत शर्मसार, गैस कनेक्शन के बहाने बुलाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म, जानिए क्या है पूरा मामला

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सभा के अंत में परिवर्तनकामी छात्र संगठन के शहर सचिव कैलाश ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

Location :  Bareilly

Published :  20 July 2026, 9:20 PM IST

Related News

Advertisement