हिंदी
किसानों का दिल्ली कूच, शंभू बॉर्डर सील (सोर्स-एक्स)
New Delhi: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के खिलाफ देशभर के अन्नदाताओं का गुस्सा एक बार फिर सड़कों पर उतर आया है। मंगलवार (21 जुलाई) को किसान संगठन दिल्ली स्थित 'किसान घाट' पर जोरदार विरोध प्रदर्शन करने के लिए कूच कर रहे हैं। किसानों के इस उग्र रुख को देखते हुए राजधानी और सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य कर दी गई है।
किसान घाट पर जुटने के किसानों के आह्वान के बाद प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंजाब और हरियाणा को जोड़ने वाले शंभू बॉर्डर को पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह से सील कर दिया है। सीमा पर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है, ताकि किसानों के काफिले को दिल्ली पहुंचने से रोका जा सके।
यह भी पढ़ें-आखिर कैसे जंतर-मंतर का छोटा सा धरना बन गया देश का सबसे बड़ा युवा आंदोलन?
दिल्ली मार्च को असफल करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सोमवार से ही शिकंजा कसना शुरू कर दिया था। पुलिस कार्रवाई के तहत हरियाणा के कई प्रमुख किसान नेताओं को ऐहतियातन हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, पुलिस की इस सख्ती के बावजूद किसानों का मनोबल डिगता नजर नहीं आ रहा है।
यह भी पढ़ें-सोनम वांगचुक की सेहत पर कोर्ट सख्त, सरकार से शुरू हुई बातचीत! क्या पूरी होंगी CJP की तीन बड़ी मांगें?
प्रशासनिक पाबंदियों और धर-पकड़ के बावजूद पंजाब से किसानों का बड़ा जत्था दिल्ली के लिए निकल चुका है। मंगलवार तड़के करीब 5:00 बजे फतेहगढ़ साहिब से किसानों का एक विशाल काफिला दिल्ली की ओर रवाना हुआ। 'भारत-US ट्रेड डील' को किसान विरोधी बताते हुए किसान हर हाल में किसान घाट पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराने पर अड़े हुए हैं। Border पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है।
Location : New Delhi
Published : 21 July 2026, 8:44 AM IST
Topics : farmer protest Farmers March To Delhi India US Trade Deal Kisan Ghat Protest Shambhu Border Locked