India US Tariff: भारत पर फिर टैरिफ बम की तैयारी, व्यापार समझौते को बनाया हथियार

ट्रंप प्रशासन ने भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता होने पर यह दर घटकर 17 प्रतिशत हो सकती है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 26 November 2026, 11:59 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर जारी बातचीत के बीच टैरिफ का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। अमेरिकी प्रशासन ने भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिका का आरोप है कि भारत में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता के चलते अमेरिकी उद्योगों और कारोबारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने की स्थिति में प्रस्तावित शुल्क की दर घटाकर 17 प्रतिशत तक की जा सकती है।

भारत पर व्यापार समझौते का बढ़ा दबाव

अमेरिका के व्यापार अधिनियम, 1974 की धारा 301 के तहत हुई जांच के शुरुआती नतीजों के बाद भारत के सामने नई व्यापारिक चुनौती खड़ी हो गई है। अमेरिकी प्रशासन के इस प्रस्ताव से भारत पर द्विपक्षीय व्यापार समझौते का पहला चरण जल्द पूरा करने का दबाव बढ़ सकता है। यदि 25 प्रतिशत शुल्क लागू होता है, तो प्रस्तावित दरों के मामले में भारत वियतनाम के बाद सबसे अधिक प्रभावित देशों में शामिल होगा।

व्यापार समझौते से मिल सकती है राहत

यदि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होता है और शुल्क घटकर 17 प्रतिशत रह जाता है, तो भारतीय निर्यातकों को कई प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले फायदा मिल सकता है। प्रस्तावित शुल्क दरों के अनुसार, वियतनाम पर 35 प्रतिशत, चीन पर 20 प्रतिशत, जबकि इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया और थाईलैंड पर 18 प्रतिशत शुल्क लगाने की बात कही गई है।

मौजूदा टैरिफ के ऊपर नहीं जुड़ेगा नया शुल्क

फिलहाल अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर सामान्य सीमा शुल्क के अतिरिक्त 10 प्रतिशत शुल्क लगाता है। हालांकि, प्रस्तावित शुल्क को मौजूदा शुल्क के ऊपर सीधे नहीं जोड़ा जाएगा। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने शुल्क की गणना में धारा 301 और धारा 232 के मौजूदा प्रावधानों को ध्यान में रखने की बात कही है।

आठ महीने की जांच के बाद आया प्रस्ताव

अमेरिका ने करीब आठ महीने तक चली जांच के बाद भारत समेत 14 व्यापारिक साझेदारों पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। जांच के दायरे में चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, बांग्लादेश और यूरोपीय संघ समेत कई प्रमुख व्यापारिक साझेदार शामिल रहे हैं। हालांकि, मेक्सिको और नॉर्वे पर फिलहाल नए शुल्क का प्रस्ताव नहीं दिया गया है।

भारत की औद्योगिक नीतियों पर अमेरिका ने उठाए सवाल

यूएसटीआर ने भारत की औद्योगिक नीतियों, अतिरिक्त उत्पादन क्षमता, श्रमिक सुरक्षा और बाजार तक पहुंच से जुड़ी बाधाओं पर सवाल उठाए हैं। अमेरिकी एजेंसी का दावा है कि इन नीतियों से अमेरिकी उत्पादकों और निर्यातकों के व्यावसायिक अवसर प्रभावित होते हैं। स्वास्थ्य, दवा, चिकित्सा उपकरण, इस्पात, सौर ऊर्जा और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों को लेकर विशेष चिंता जताई गई है।

क्या टैरिफ के जरिए रियायतें हासिल करना चाहता है अमेरिका?

दिल्ली स्थित आर्थिक शोध संस्था ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनीशिएटिव (GTRI) ने अमेरिकी प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। संस्था का मानना है कि टैरिफ के जरिए भारत से व्यापार समझौते में एकतरफा रियायतें हासिल करने की कोशिश की जा रही है। अब निगाहें दोनों देशों के बीच जारी व्यापारिक बातचीत और प्रस्तावित शुल्क पर होने वाले अंतिम फैसले पर टिकी हैं।

Location :  New Delhi

Published :  26 November 2026, 11:59 AM IST

Advertisement