हिंदी
बरेली कॉलेज में गरमाई छात्र राजनीति (Img: Dynamite News)
Bareilly: बरेली कॉलेज में सोमवार को अव्यवस्थाओं और लंबित मांगों को लेकर समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने परीक्षा हाल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई, जिससे परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान समाजवादी छात्र सभा के नेताओं ने कॉलेज प्रशासन मुर्दाबाद, छात्र एकता जिंदाबाद और इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कॉलेज में बाहरी तत्वों का अनावश्यक हस्तक्षेप बढ़ गया है, जिससे शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
ये भी पढ़ें - मैं अभी बरेली होकर आता हूं…” इतना कहकर निकला मेडिकल स्टोर संचालक, रहस्यमय ढंग से हुआ लापता
समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में कॉलेज प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर कई मांगें रखी गई थीं, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्र नेताओं ने मांग की कि कॉलेज के खेल मैदान का उपयोग किसी भी राजनीतिक या सरकारी कार्यक्रम के लिए न किया जाए। इसके अलावा छात्रावास परिसर में स्थापित क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को सम्मानपूर्वक कॉलेज के प्रमुख स्थान पर स्थापित किया जाए। खेल सुविधाओं में सुधार कर छात्रों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा लंबे समय से लंबित छात्रसंघ चुनाव जल्द कराए जाएं।
समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रशासन ने जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे। छात्र नेताओं का कहना है कि छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों पर वे पीछे हटने वाले नहीं हैं और आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने के चलते कॉलेज के कई छात्रों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें - लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर: बरेली के स्कूल-कॉलेजों में चार दिन नहीं लगेंगी कक्षाएं, जानिए वजह
हालांकि छात्र नेताओं का कहना था कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए यह विरोध आवश्यक है। प्रदर्शन में समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल सिंह, प्रदेश सचिव संजय मेवाती, शिव प्रताप सिंह, दीपक यादव, अमर यादव, किशन समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Bareilly
Published : 3 August 2026, 6:36 PM IST