हिंदी
रात में खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई(Img: Dynamite News)
Balarampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के कड़े निर्देशों पर खनन विभाग की टीम ने रात के अंधेरे में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस अचानक हुई कार्रवाई से खनन माफिया और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान सड़कों पर दौड़ रहे खनिज लदे वाहनों के कागजात और उनकी वैधता को जांचा गया। पड़ताल में अनियमितता और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कुल 06 वाहनों पर शिकंजा कसा गया।
आखिर कहां जा रही थी पटाखों से भरी यह गाड़ी? बलरामपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से हिल गए तस्कर
कार्रवाई का ब्योरा देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जांच में दोषी पाए गए 05 वाहनों पर कुल ₹1,64,240 का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, गंभीर उल्लंघन के मामले में 01 वाहन को सीज कर कोतवाली नगर थाने के सुपुर्द कर दिया गया।
खनन निरीक्षक मोहम्मद हलीम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन अवैध खनन और परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। खनिजों का परिवहन केवल नियमानुसार और वैध दस्तावेजों के साथ ही होना चाहिए। बिना कागजात या निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज ले जाने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसा ही अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि रात के समय सरप्राइज चेकिंग और निगरानी का यह सिलसिला लगातार चलेगा, ताकि जिले में पारदर्शी और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही खनन गतिविधियां संचालित हो सकें।
Location : Balrampur
Published : 22 September 2026, 7:39 PM IST
Topics : balrampur news Illegal Mineral Transport illegal mining Mineral Transport Checking Mining Department