सफेद कपड़े में लिपटी थी मासूम, पास पहुंचते ही पुलिस ने जो देखा… बच गई एक दिन की बच्ची की जान

बलरामपुर में गन्ने के खेत से मिली एक दिन की नवजात बच्ची ने हर किसी को झकझोर दिया। सफेद कपड़े में लिपटी मासूम अचेत हालत में पड़ी थी। सूचना मिलते ही यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल ले गई।

Balrampur: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए। तुलसीपुर क्षेत्र में गन्ने के खेत के बीच एक दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची की हालत बेहद नाजुक थी और वह अचेत पड़ी थी। सूचना मिलते ही यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए मासूम को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

गन्ने के खेत में मिली अचेत मासूम

मामला ग्राम महादेव जमुनी के पास का बताया जा रहा है। लालनगर सिपहिया निवासी विजय कुमार पांडेय ने खेत में बच्ची को पड़े देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गश्त पर तैनात यूपी-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।

ये भी पढ़ें- कौशांबी के गंगा घाट पर अचानक मची चीख-पुकार, नहाते समय 5 बच्चे डूबे; 10 साल की नेहा की मौत

पुलिसकर्मियों ने देखा कि नवजात बच्ची सफेद कपड़े में लिपटी हुई थी। वह बेहद कमजोर हालत में थी और कोई उसके आसपास मौजूद नहीं था। जवानों ने तत्काल बच्ची को खेत से बाहर निकाला और उसकी जान बचाने के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू कर दी।

एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

पुलिस टीम ने एंबुलेंस की मदद से बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर पहुंचाया। वहां महिला प्रसव वार्ड में डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया। बच्ची की हालत को देखते हुए बेहतर इलाज और निगरानी के लिए चिकित्सकों ने उसे संयुक्त चिकित्सालय बलरामपुर रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने के बाद बच्ची की हालत में सुधार बताया गया। फिलहाल वह सुरक्षित और स्वस्थ है। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच सकी।

ये भी पढ़ें- Mirzapur News: नकली कागजातों से हो रहा था बड़ा खेल! जानिए कैसे मिर्जापुर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर?

पुलिस की मुस्तैदी ने बचाई जान

घटना के बाद पुलिस टीम की तत्परता और संवेदनशीलता की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बच्ची पर समय रहते किसी की नजर नहीं पड़ती और पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती, तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती थी। गन्ने के खेत में अकेली मिली यह मासूम अब चिकित्सकों की निगरानी में है। बच्ची को खेत में किसने छोड़ा और इसके पीछे क्या वजह थी, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

Location :  Balrampur

Published :  17 September 2026, 4:42 PM IST

Related News

Advertisement