हिंदी
बलिया में गंगा किनारे सनसनी
बलिया: जिले में एक युवक के गंगा नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। नरही थाना क्षेत्र के टुटवारी गांव निवासी युवक ने यूपी-बिहार सीमा पर स्थित वीर कुंवर सिंह सेतु से शनिवार को गंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार, टुटवारी गांव निवासी श्रीकांत पासवान पुत्र श्याम नारायण पासवान का किसी बात को लेकर अपने पिता से विवाद हो गया था। विवाद के बाद युवक ने अपने पिता को फोन कर गंगा नदी में कूदने की बात कही। बेटे की बात सुनते ही पिता घबरा गए और तुरंत बाइक से वीर कुंवर सिंह सेतु की ओर रवाना हो गए।
बताया जा रहा है कि पिता जैसे ही पुल पर पहुंचे, उसी दौरान युवक ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से पुल पर मौजूद लोग भी सकते में आ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद नरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और लोगों की सहायता से गंगा नदी में युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवक की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नदी के आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी रखी जा रही है। घटना के कारणों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। इस घटना के बाद युवक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन युवक की सलामती की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश पूरी गंभीरता के साथ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
Location : Ballia
Published : 16 August 2026, 1:31 AM IST