‘मोदी ने नकली लॉकडाउन लगाया, हम असली लगा देंगे’: बदायूं पुलिस को बिगड़ेल युवक ने दी चुनौती

बदायूं के फैजगंज बेहटा में मुहर्रम जुलूस से पहले अनमोल सागर नाम के युवक ने इंस्पेक्टर के सामने पीएम मोदी पर टिप्पणी की और एक कॉल पर विधानसभा बंद करने की धमकी दी। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के रवैये पर सवाल उठ रहे हैं।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 28 June 2026, 4:06 PM IST
google-preferred

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से खाकी की साख पर सवाल उठाने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां मुहर्रम के जुलूस से ठीक एक दिन पहले फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के दूनपुर गांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में एक युवक ने इंस्पेक्टर को खुलेआम चुनौती दे डाली।

युवक ने न सिर्फ पुलिस प्रशासन को अपनी ताकत दिखाई, बल्कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। अब इस पूरी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

बिजली के तारों को हटाने को लेकर हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम बृहस्पतिवार रात का है। दूनपुर गाँव में मुहर्रम के मौके पर ताजिया निकालने वाले रास्ते पर बिजली के ऊंचे तार आ रहे थे। इन तारों को हटाने को लेकर गाँव के दो पक्षों में आपसी तनातनी और विवाद शुरू हो गया। एक पक्ष तार हटाने के विरोध में था। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर पहुँची पुलिस ने थोड़ी सख्ती दिखाई और मामले को शांत कराकर रफा-दफा कर दिया। लेकिन इसके तुरंत बाद एक नया मोड़ आ गया।

बदायूं में 4 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में दोनों पैरों में लगी गोली

'पीएम मोदी ने नकली लॉकडाउन लगाया, हम असली लगा देंगे'

पुलिस की कार्रवाई के बाद अनमोल सागर नाम का एक युवक एक पक्ष के समर्थन में कूद पड़ा। उसने नीले रंग का गमछा डाला हुआ था और वह सीधे फैजगंज बेहटा के इंस्पेक्टर सुभाष कुमार के सामने जाकर खड़ा हो गया। युवक ने पूरी फोर्स के सामने इंस्पेक्टर से कहा, "मोदी जी ने तो नकली लॉकडाउन लगाया था, हम तो अभी ताकत में भी नहीं हैं, लेकिन अगर चाह लें तो कल ही लॉकडाउन लग जाएगा।" युवक की इस हनक को देखकर वहाँ मौजूद ग्रामीण भी हैरान रह गए।

एक कॉल पर विधानसभा बंद करने और ट्रांसफर की धमकी

युवक का रसूख यहीं नहीं थमा, उसने इंस्पेक्टर को सीधे तौर पर धमकाते हुए कहा, "अगर मैं एक कॉल कर दूँगा तो पूरी विधानसभा बंद हो जाएगी। मेरे अंडर में ऐसी 25-30 विधानसभा क्षेत्र आते हैं।" इसके साथ ही उसने कुछ पुलिसकर्मियों पर अपनी छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह कल ही उनका ट्रांसफर करवा देगा। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी धमकियाँ सुनने के बाद भी मौके पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

खुद ही वीडियो शेयर कर लिख रहा 'वार्तालाप'

इस पूरे घटनाक्रम के बाद कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीण दबी जुबान में कह रहे हैं कि अगर कोई भी व्यक्ति सरेआम खाकी को इस तरह चुनौती देगा, तो कानून का खौफ खत्म हो जाएगा। दिलचस्प बात यह है कि आरोपी युवक अनमोल सागर को पुलिस का कोई डर नहीं है। वह खुद सोशल मीडिया पर इस वीडियो और तस्वीरों को 'मोहर्रम के लिए पुलिस प्रशासन से वार्तालाप करते हुए' कैप्शन के साथ धड़ल्ले से शेयर कर रहा है।

बदायूं पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, राम मंदिर से लेकर सरकार तक कई मुद्दों पर उठाए सवाल, बोले- असली जिम्मेदारों को…

अधिकारियों के बयानों में विरोधाभास

इस गंभीर मामले में पुलिस के आला अधिकारियों और थाना प्रभारी के बयानों में साफ विरोधाभास देखने को मिल रहा है। जब इस संबंध में सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव से बात की गई, तो उन्होंने साफ कह दिया कि यह मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है।

वहीं दूसरी ओर, फैजगंज बेहटा के इंस्पेक्टर सुभाष कुमार युवक का बचाव करते नजर आए। उन्होंने कहा, "वह हमें कहाँ चुनौती दे रहा था, वह तो बस अपनी बात कह रहा था और बता रहा था कि लॉकडाउन में क्या हुआ था।" इंस्पेक्टर के इस रवैये से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Location :  Budaun

Published :  28 June 2026, 4:06 PM IST

Advertisement