मिर्जापुर में तीन मंजिला इलेक्ट्रिक गोदाम में लगी भीषण आग, घंटों तक चला रेस्क्यू, लाखों का सामान स्वाहा

मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के चौबे टोला स्थित एक इलेक्ट्रिक गोदाम में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल गाड़ियां घंटों तक जुटी रहीं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, जबकि मामले की जांच जारी है।

Updated : 28 June 2026, 2:58 PM IST
google-preferred

Mirzapur: कटरा कोतवाली क्षेत्र स्थित चौबे टोला में रविवार सुबह एक इलेक्ट्रिक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से गोदाम में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रिक सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

तीन मंजिला मकान में बनाया गया था गोदाम

जानकारी के अनुसार, यह गोदाम वासलीगंज बाजार स्थित संतोष इलेक्ट्रिक की दुकान का है। दुकान मालिक ने चौबे टोला में कुछ वर्ष पहले खरीदे गए तीन मंजिला मकान को गोदाम के रूप में विकसित किया था। मकान के सभी तलों पर बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रिक सामान रखा हुआ था। रविवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने गोदाम से धुआं निकलता देखा, जिसके बाद तत्काल गोदाम मालिक और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।

Mirzapur: भरत भूषण तिवारी की मौत पर यूपी में भी उठा गुस्सा, बिहार सरकार से पूछे तीखे सवाल

दोनों ओर से चलाया गया राहत एवं बचाव अभियान

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और गोदाम के आगे तथा पीछे दोनों तरफ से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की तेज लपटों और घने धुएं के कारण दमकल कर्मियों को राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बताया गया कि मकान की गहराई लगभग 100 फीट है और हर मंजिल पर इलेक्ट्रिक सामान भरा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई और उसे नियंत्रित करने में अधिक समय लगा।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहा है। आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

कागजों में चमकता विकास, हकीकत में बदहाल पड़ा मिर्जापुर का ये गांव… आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे ग्रामीण

पूर्व पालिकाध्यक्ष ने घटना को बताया दुखद

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व पालिकाध्यक्ष मनोज जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के बाद आग लगने के वास्तविक कारण स्पष्ट हो जाएंगे। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई हैं, जबकि प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। आग से हुए आर्थिक नुकसान का विस्तृत आकलन जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।

Location :  Mirzapur

Published :  28 June 2026, 2:58 PM IST

Related News

Advertisement