हिंदी
सहारनपुर मामले पर मायावती ने उठाए सवाल (Source: Pinterest)
Saharanpur: जिले में मस्जिद के ध्वस्तीकरण का मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट की है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मस्जिदों को कथित तौर पर अवैध बताकर ध्वस्त किए जाने के अभियान पर सवाल उठाते हुए सरकार से इसे तत्काल रोकने की मांग की है।
मायावती ने अपनी पोस्ट में कहा कि सहारनपुर की मस्जिद समेत पूरे उत्तर प्रदेश में मस्जिदों को जल्दबाजी में अवैध बताकर ध्वस्त करना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से अपील की कि ऐसे कदमों से पैदा होने वाले नकारात्मक हालात से बचने के लिए अभियान पर रोक लगाई जाए और समस्या के समाधान के दूसरे रास्ते तलाशे जाएं।
बसपा प्रमुख ने कहा कि संवैधानिक और सेक्युलर सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सभी धर्मों को मानने वाले लोगों और उनके धार्मिक स्थलों का समान रूप से सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने मस्जिदों को इस्लाम में इबादत और सामूहिक नमाज का महत्वपूर्ण स्थल बताते हुए कहा कि भारतीय परंपरा के अनुसार धार्मिक स्थलों का सम्मान देश और व्यापक जनहित में जरूरी है।
महिला के पेट से निकलीं ऐसी चीजें, देखकर डॉक्टर भी रह गए दंग! जानिए क्या बच पाई बेबस मरीज की जान
मायावती ने कथित तौर पर नियम-कानून का उचित पालन किए बिना आरोपियों के मकान ध्वस्त किए जाने की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्रवाई में कई बार पूरे परिवार को सामूहिक रूप से सजा मिलने जैसी स्थिति बन जाती है और परिवार बेघर हो जाता है। उन्होंने इस तरह की कार्रवाई को लेकर लोगों की चिंता का मुद्दा उठाया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में सरकार को कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने अपनी पार्टी की सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए 'कानून द्वारा कानून का राज' वाले व्यवहार की जरूरत बताई। साथ ही उन्होंने न्यायालय से भी इस दिशा में समुचित ध्यान देने की अपील की।
मायावती ने अपनी पोस्ट के अंत में सभी पक्षों से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में समाज में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी को जिम्मेदारी के साथ काम करना चाहिए।
Location : Saharanpur
Published : 5 September 2026, 1:20 PM IST