हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Agra: आगरा के सिकंदरा क्षेत्र से रिश्ते, भरोसे और कथित धोखे से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक किन्नर ने जिस व्यक्ति को अपना जीवनसाथी समझकर उस पर भरोसा किया, आरोप है कि उसी ने शादी का वादा कर उसे लिंग परिवर्तन कराने के लिए मजबूर किया। प्रेमी की बात मानकर पुरुष से स्त्री बनने के बाद पीड़िता को जब उसके पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोप है कि प्रेमी ने भावनात्मक और शारीरिक शोषण के साथ करीब चार लाख रुपये और बुलेट बाइक भी ले ली। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता वर्तमान में बाराबंकी में अपनी गुरु के साथ रहती है। उसने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसकी मुलाकात सिकंदरा निवासी त्रिवेंद्र सिंह से हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि त्रिवेंद्र ने उससे शादी करने और पत्नी बनाकर साथ रखने का भरोसा दिया।
पीड़िता के मुताबिक, इसी भरोसे में वह आरोपी के साथ अलग-अलग होटलों में जाती रही। आरोप है कि इस दौरान त्रिवेंद्र उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा और लगातार शादी का वादा करता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि 8 दिसंबर 2025 की रात त्रिवेंद्र उसे एक होटल में ले गया। वहां उसने लिंग परिवर्तन कराने का दबाव बनाया। आरोप के मुताबिक, त्रिवेंद्र ने कहा कि जब तक वह ऑपरेशन कराकर पुरुष से स्त्री नहीं बनेगी, तब तक वह उससे शादी नहीं करेगा।
शादी और प्रेम के भरोसे में पीड़िता ने उसकी बात मान ली और लिंग परिवर्तन का ऑपरेशन करा लिया। उसे उम्मीद थी कि इसके बाद दोनों साथ नई जिंदगी शुरू करेंगे, लेकिन आरोप है कि ऑपरेशन के बाद भी शादी नहीं हुई और उसका शोषण जारी रहा।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि किन्नर समुदाय की परंपरा के अनुसार बधाई मांगकर वह जो रुपये कमाती थी, उनमें से भी त्रिवेंद्र रकम लेता रहा। उसके मुताबिक, आरोपी ने धीरे-धीरे करीब चार लाख रुपये नकद ले लिए।
इसके अलावा पीड़िता ने अपनी बुलेट बाइक भी आरोपी को देने की बात कही है। जब उसने अपने रुपये और बाइक वापस मांगी तो विवाद बढ़ गया।
BHU से Adobe की कुर्सी तक! अनिल चक्रवर्ती ने Silicon Valley में फिर लहराया भारत का परचम
कुछ समय बाद पीड़िता को पता चला कि जिस व्यक्ति को वह अपना जीवनसाथी मान चुकी थी, वह पहले से ही शादीशुदा है। यह जानकारी सामने आने के बाद उसके सपने टूट गए। आरोप है कि रुपये और बुलेट वापस मांगने पर त्रिवेंद्र और उसकी पत्नी किरण ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिकायत कर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की थी। शिकायत के आधार पर सिकंदरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के अनुसार, मामले में छल, शोषण और लिंग परिवर्तन कराने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Location : Agra
Published : 5 September 2026, 10:43 AM IST