हिंदी
मुरादाबाद में भयावह हादसा, बहुमंजिला इमारत गिरी
Lucknow: यूपी के मुरादाबाद में दिलदहलाने वाला हादसा हो गया। थाना मुगलपुरा क्षेत्र में शनिवार को एक तीन मंजिला जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मुगलपुरा थाना क्षेत्र में स्थित यह मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। भवन की स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी और कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। खतरे को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए मकान में रह रहे लोगों को सुरक्षित बाहर निकलवा दिया था। इसके बाद शनिवार को अचानक मकान का बड़ा हिस्सा तेज आवाज के साथ धराशायी हो गया।
मुरादाबाद के मुगलपुरा थाना क्षेत्र में तीन मंजिला जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हैरानी की बात ये है कि प्रशासन ने दो दिन पहले ही मकान खाली करा दिया था।#Moradabad #Mughalpura #BuildingCollapse #UPNews #BreakingNews #MoradabadNews pic.twitter.com/VRYeTrVp6L
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 5, 2026
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, क्योंकि प्रशासन ने खतरे को देखते हुए दो दिन पहले ही मकान को खाली करा लिया था।
मकान गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास रहने वाले लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने बताया कि गिरने के समय धूल का गुबार उठ गया और कुछ देर के लिए स्थिति बेहद भयावह हो गई। सूचना मिलते ही थाना मुगलपुरा पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों को सतर्क रहने की अपील की। साथ ही मलबे के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके। अधिकारियों ने बताया कि पहले ही मकान खाली करा लिया गया था, जिसके कारण बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना के बाद इलाके में मौजूद अन्य जर्जर भवनों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में कई पुराने और कमजोर मकान अभी भी खतरा बने हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे सभी भवनों का सर्वे कराया जाए और खतरे वाले मकानों पर समय रहते कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रशासन की सतर्कता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Lucknow
Published : 5 September 2026, 10:25 PM IST