Badaun News: मंदिर में रह रहे पुजारी की संदिग्ध मौत से सनसनी, झाड़-फूंक और दरबार को लेकर कई सवाल

बदायूं के लखनपुर बंजरा मंदिर में रहने वाले पुजारी चंद्रपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार। पढ़ें पूरी खबर

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 20 June 2026, 2:08 PM IST
google-preferred

Badaun: उत्तर प्रदेश के जिले बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बदायूं-दातागंज मार्ग पर स्थित लखनपुर बंजरा गांव के सड़क किनारे बने मंदिर में रहने वाले पुजारी चंद्रपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक पुजारी चंद्रपाल पिछले कई वर्षों से लखनपुर बंजरा स्थित इस मंदिर में अपना स्थायी निवास बनाकर रह रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार चंद्रपाल भगतई और झाड़-फूंक का काम करते थे। मंदिर पर महिलाओं का आना-जाना लगा रहता था। बताया जा रहा है कि पुजारी सप्ताह में एक दिन अपना विशेष दरबार भी लगाते थे, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आते थे।

संदिग्ध अवस्था में मिला शव

सुबह जब मंदिर का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो चंद्रपाल का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। तत्काल इसकी सूचना सिविल लाइन पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

पुलिस ने बताया कि पुजारी अकेले मंदिर में रहते थे और उनका बाहरी लोगों से संपर्क था। दरबार के दौरान आने वाली महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मौत स्वाभाविक है, आत्महत्या है या किसी साजिश का नतीजा, इसे लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं

पुजारी की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे तंत्र-मंत्र से जोड़कर देख रहे हैं तो कुछ आपसी रंजिश की आशंका जता रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मंदिर में आने-जाने वालों की सूची भी तैयार कर रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है।

Location :  Badaun

Published :  20 June 2026, 2:08 PM IST

Related News

Advertisement