लूट के बाद छिपकर घूम रहा था बदमाश, पुलिस ने किया खुलासा; ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र में हुई बाइक लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को घायल हालत में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई अपाचे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 June 2026, 2:35 PM IST
google-preferred

Azamgarh: आजमगढ़ जिले में पुलिस ने बाइक लूट की घटना में शामिल एक बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के पास से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

18 मई को हुई थी बाइक और मोबाइल की लूट

मामला अतरौलिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 18 मई की रात करीब नौ बजे ग्राम रिठिया के पास बाइक सवार भंजय सिंह को तीन अज्ञात बदमाशों ने रोक लिया था। बदमाशों ने धमकाकर उनकी अपाचे मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर अतरौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

जेल से छूटते ही सौरभ पर लाठियों की बरसात, बेबस मां ने लगाई कप्तान से सुरक्षा की गुहार

चेकिंग के दौरान मिली बदमाश की सूचना

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मंगलवार रात अतरौलिया पुलिस अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक लूट की घटना में शामिल एक आरोपी लूटी गई मोटरसाइकिल से मदियापार की तरफ से बहरादेव मंदिर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और खदेरूपट्टी के पास घेराबंदी कर दी गई।

घिरने के बाद बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक जैसे ही आरोपी को रोका गया, उसने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया।

घायल बदमाश की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि मिश्रा निवासी केदरुपुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी अतरौलिया भेजा, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की घटना से जुड़ी अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इसके अलावा उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी मिला है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज किया है।

Maharajganj News: तेज आंधी ने बिगाड़ी बिजली व्यवस्था, 24 घंटे से अंधेरे में डूबे गांव, पानी के लिए भी तरसे लोग

पूछताछ में कबूली वारदात

पुलिस पूछताछ में आरोपी रवि मिश्रा ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 18 मई को रिठिया क्षेत्र में बाइक और मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब उसके साथ शामिल अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। अब पुलिस उसके पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाने में लगी है कि वह और किन घटनाओं में शामिल रहा है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस जल्द पूरे गिरोह का खुलासा करने का दावा कर रही है।

Location :  Azamgarh

Published :  17 June 2026, 2:35 PM IST

Advertisement