हिंदी
महराजगंज के फुलवरिया क्षेत्र में अरविंद चौधरी हत्याकांड में पांचवें आरोपी दुर्गेश की गिरफ्तारी के बाद परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजन पहले गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे थे।
अरविंद चौधरी का अंतिम संस्कार
Maharajganj: नगर पंचायत आनंदनगर के वार्ड नंबर 5, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (फुलवरिया) क्षेत्र में हुए चर्चित अरविंद चौधरी हत्याकांड में परिजनों ने आखिरकार उनका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजन पहले पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी न होने के कारण अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अरविंद चौधरी की हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी। इस हत्या की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। घटना के तुरंत बाद ही परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया था और उन्होंने न्याय की मांग को लेकर दबाव बनाना शुरू किया।
पुलिस ने मामले में तेजी दिखाई और पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन पांचवां आरोपी फरार था। परिजन लगातार उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे और इसके कारण उन्होंने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रखा था। बीती रात पुलिस ने फरार आरोपी दुर्गेश को भी गिरफ्तार कर लिया।
महराजगंज में ‘ऑपरेशन कार-ओ-बार’ में शराब पीने वालों पर हुई ये कार्रवाई
पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और अपना विरोध समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में अरविंद चौधरी का अंतिम संस्कार करमैनी घाट पर किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण व शुभचिंतक मौजूद थे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
पुलिस स्थिति संभालती हुई
स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। अधिकारियों ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाया और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव धीरे-धीरे कम होता दिख रहा है। पुलिस की सक्रियता से हालात नियंत्रण में हैं और स्थानीय लोग न्याय की उम्मीद के साथ सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।