अलीनगर हत्याकांड: मनोज कुमार हत्याकांड में बिहार का शूटर गिरफ्तार, 24 घंटे में ऐसे हुआ मामले का खुलासा

चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में साइकिल सवार की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। संयुक्त पुलिस टीम ने बिहार निवासी शूटर को गिरफ्तार किया। हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 8 June 2026, 1:19 PM IST
google-preferred

Chandauli: चन्दौली पुलिस ने साइकिल सवार युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले को महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। थाना अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या में शामिल एक शातिर शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद हुई पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

साइकिल सवार की गोली मारकर हत्या

पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को थाना अलीनगर क्षेत्र के ग्राम टरियां-पटपरा के पास साइकिल से जा रहे मनोज कुमार (38) की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक के भाई अशोक कुमार खरवार की तहरीर पर थाना अलीनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

कड़ी सुरक्षा में यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की पहली पाली की परीक्षा संपन्न; सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन अलर्ट

बिहार का रहने वाला था शातिर शूटर

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से तेजी से जांच आगे बढ़ाई। जांच में पता चला कि हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों शूटर बिहार राज्य के निवासी हैं।

पुलिस टीम पर हुई फायरिंग

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोजपुर (बिहार) निवासी शातिर शूटर सूरज उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद जब पुलिस उसे हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तभी उसने पहले से छिपाकर रखी गई पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।

प्रेम संबंध की आड़ में नाबालिग से दुष्कर्म, दोस्तों ने बनवाया वीडियो और अब ब्लैकमेल…

बरामद किए गए अवैध हथियार

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है।

जांच में जुटी पुलिस 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और विवेचना के दौरान इस हत्याकांड से जुड़े मुख्य साजिशकर्ताओं और एक अन्य फरार शूटर के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का विस्तृत खुलासा जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया जाएगा।

Location :  Alinagar

Published :  8 June 2026, 12:50 PM IST

Advertisement