हिंदी
राजू सैनी मोबाइल टॉवर पर चढ़कर जताया विरोध (सोर्स- एक्स)
Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में बर्खास्त रोडवेज संविदा चालक राजू सैनी का अनोखा और हैरान कर देने वाला विरोध प्रदर्शन एक बार फिर चर्चा में आ गया है। नौकरी बहाली की मांग को लेकर राजू रविवार सुबह करीब 9:30 बजे क्वार्सी चौराहे पर स्थित एक ऊंचे मोबाइल टॉवर पर जा चढ़ा। दिनभर की मान-मनौव्वल के बाद भी जब वह नहीं माना, तो उसने रात वहीं टावर पर ही बिताई। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों को उसे नीचे उतारने के लिए करीब 14 घंटे से अधिक का समय मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
राजू सैनी का टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करने का यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि वह रिकॉर्ड छठी बार इस तरह के खतरनाक रास्ते को अपना चुका है। इससे पहले वह 8 सितंबर को भी इसी क्वार्सी चौराहे वाले टॉवर पर चढ़ा था। इसके अलावा, वह लखनऊ के गोमतीनगर स्थित अवध डिपो में दो बार और बुद्ध विहार डिपो में भी टॉवर पर चढ़कर प्रदर्शन कर चुका है। अलीगढ़ के अतरौली से लेकर राजधानी लखनऊ तक कई स्थानों पर वह प्रशासन और विभाग के खिलाफ इस अनोखे अंदाज में नाराजगी जता चुका है। इस बार वह 'ड्राइवर जनता पार्टी' (डीजेपी) का बैनर लेकर टावर पर चढ़ा था।
टावर पर बैठे राजू सैनी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि उसकी कैंसर पीड़ित पत्नी भावना सैनी और 15 वर्षीय बेटी खुशबू उसके लिए घर से खाना लेकर टॉवर के पास पहुंची थीं, लेकिन वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। राजू के मुताबिक, पुलिस ने कथित तौर पर यह कहा कि "इसे भूखा मरने दो।" हालांकि, उसने यह भी बताया कि दमकल कर्मियों ने मानवता दिखाते हुए उसे पानी की एक बोतल जरूर दी थी, जो दिनभर में खत्म हो चुकी है। पिछले 24 घंटों से भूखे-प्यासे राजू का कहना है कि चाहे उसे जान ही क्यों न देनी पड़े, वह अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेगा।
रावण टीला (क्वार्सी क्षेत्र) के रहने वाले राजू सैनी का कहना है कि करीब दो साल पहले अभद्रता के झूठे आरोपों के आधार पर उसकी संविदा समाप्त कर दी गई थी, तभी से वह अपनी नौकरी वापस पाने के लिए संघर्ष कर रहा है। उसने रोडवेज प्रबंधन पर चालकों के आर्थिक और मानसिक शोषण का भी गंभीर आरोप लगाया। टावर पर बैठे-बैठे वह लगातार कोल विधायक अनिल पाराशर, बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा था।
राजू के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही क्वार्सी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। स्थिति से निपटने के लिए एहतियात के तौर पर तालानगरी और हाथरस से दमकल की गाड़ियां मंगाई गईं। इस दौरान हरदुआगंज में आग लगने की एक अन्य सूचना के कारण तालानगरी की गाड़ी को वहां भेजना पड़ा, जबकि हाथरस से आई गाड़ी को दाऊजी मेले की सुरक्षा में लगाया गया। सीओ सिविल लाइंस सर्वम सिंह ने बताया कि प्रशासनिक अमला लगातार राजू को समझाने का प्रयास कर रहा है और उससे बातचीत का दौर जारी है।
दूसरी ओर, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज सत्येंद्र कुमार वर्मा ने इस मामले में सफाई देते हुए बताया कि राजू सैनी को सुरक्षा गार्ड के पद पर नौकरी दिए जाने के संबंध में उच्च मुख्यालय को पत्र भेजा जा चुका है। वहां से अंतिम अनुमोदन (अप्रूवल) मिलने के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मुख्यालय की तरफ से नियुक्ति पत्र जारी होने में अभी चार-पांच दिन का समय लगने की बात कही गई है, जिसके कारण यह देरी हो रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि जल्द ही मामले का समाधान निकालकर राजू को सुरक्षित नीचे उतारा जाए।
Location : Aligarh
Published : 21 September 2026, 11:19 AM IST