29 मार्च को दादरी से चुनावी बिगुल फूंकेंगे अखिलेश यादव, 32 जिलों से आएंगे नेता-कार्यकर्ता

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 मार्च को दादरी में ‘समानता भाईचारा रैली’ के जरिए विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे। 32 जिलों की 140 विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 26 February 2026, 4:51 AM IST
google-preferred

Greater Noida (Dadri): समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 29 मार्च को दादरी में विशाल रैली को संबोधित कर विधानसभा चुनाव अभियान का औपचारिक शंखनाद करेंगे। पार्टी के मुताबिक इस रैली में प्रदेश के 32 जिलों की करीब 140 विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन भाग लेंगे। रैली की तैयारियों को लेकर बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने जिला और महानगर कार्यकारिणी के साथ बैठक की। बैठक में संगठनात्मक मजबूती और अधिक से अधिक जनसमर्थन जुटाने पर चर्चा की गई।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

राजकुमार भाटी ने प्रदेश सरकार पर विपक्षी नेताओं का सम्मान न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रियाओं, ट्रांसफर-पोस्टिंग और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में भारी अनियमितताएं हो रही हैं। उनके मुताबिक सरकार के पास “मुकदमा, मुठभेड़ और बुलडोजर” ही तीन हथियार बचे हैं। उन्होंने वरिष्ठ नेता आजम खान पर 94 फर्जी मुकदमे लगाए जाने का आरोप लगाते हुए इसे लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय बताया। साथ ही संकेत दिया कि लोकसभा चुनाव में बना विपक्षी गठबंधन आगे भी जारी रह सकता है।

‘समानता भाईचारा रैली’ बनेगी शक्ति प्रदर्शन

पार्टी के अनुसार यह ‘समानता भाईचारा रैली’ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश देगी। अब तक 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए चौपाल आयोजित की जा चुकी हैं। बैठक में जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास, प्रदेश सचिव लल्ला सिंह गुर्जर, पवन प्रजापति, मधुकर अरोरा, देवेन्द्र सिंह यादव, बलविंदर सिंह जाटव और संतोष पाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सपा नेतृत्व का दावा है कि यह रैली आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करेगी और पश्चिमी यूपी में पार्टी की स्थिति को मजबूत करेगी।

Location : 
  • Greater Noida

Published : 
  • 26 February 2026, 4:51 AM IST

Advertisement
Advertisement