हिंदी
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में भ्रूण लिंग परीक्षण जैसे गंभीर और अवैध कृत्य में संलिप्त एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की पीसी-पीएनडीटी (PC-PNDT) टीम ने थाना मलपुरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इटौरा स्थित संस्कार हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल में चल रहे अवैध लिंग परीक्षण के काले कारोबार का खुलासा हुआ, जिससे जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक सटीक रणनीति तैयार की। योजना के तहत सोनीपत की एक गर्भवती महिला को डिकॉय (नकली ग्राहक) बनाकर इस गिरोह के पास भेजा गया। जैसे ही दलालों और अस्पताल संचालकों ने अवैध रूप से भ्रूण का लिंग परीक्षण करने की प्रक्रिया शुरू की, वैसे ही पीसी-पीएनडीटी टीम ने मौके पर दबिश दे दी। इस प्रभावी कार्रवाई से आरोपियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
जांच के दौरान टीम ने अस्पताल से हैरान करने वाले खुलासे किए। यह पूरा अस्पताल बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि लिंग परीक्षण के लिए चीन निर्मित एक एडवांस वायरलेस पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा था। यह मशीन किसी पारंपरिक भारी-भरकम उपकरण जैसी नहीं थी, बल्कि इसे मोबाइल फोन और टैबलेट से वाईफाई के माध्यम से कनेक्ट करके आसानी से चलाया जाता था ताकि किसी को शक न हो।
यूपी में फिर आ रही है आफत की बारिश! बुधवार से 40 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी
छापेमारी के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में कुल छह आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक झोलाछाप डॉक्टर समेत गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्य शामिल हैं। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान भानु प्रताप, ओम नारायण, मयंक शर्मा, जगवीर सिंह, मनीष कुशवाह और पवन कुशवाह के रूप में हुई है। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे।
Location : Agra
Published : 22 September 2026, 9:33 AM IST
Topics : Agra Police Arrest Agra news Illegal Sex Determination PC PNDT Team Raid Portable Ultrasound Machine