हिंदी
आगरा पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल की मौत (IMG: Dynamite News)
Agra: आगरा पुलिस लाइन में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला कांस्टेबल का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो महिला कांस्टेबल मृत अवस्था में मिली। मृतका की पहचान आरती के रूप में हुई है, जो आगरा के एसीपी कार्यालय में तैनात थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, महिला कांस्टेबल आरती आगरा पुलिस लाइन में रहती थी। शनिवार सुबह काफी देर तक जब वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो आसपास रहने वाले लोगों को चिंता हुई। पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा। अंदर जाने पर आरती का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस लाइन में भी हलचल मच गई।
बताया गया है कि आरती ने एक महीने की छुट्टी ली हुई थी। उसे 4 नवंबर को दोबारा ड्यूटी पर लौटना था। छुट्टी के दौरान वह अपने कमरे में ही रह रही थी। जानकारी के मुताबिक, करवाचौथ के दिन पड़ोसियों ने उसे आखिरी बार देखा था। इसके बाद से वह कमरे से बाहर नहीं निकली थी। आरती के बारे में बताया गया है कि वह अवसाद में थी। हालांकि, उसकी मानसिक स्थिति और आत्महत्या के पीछे की वजह को लेकर अभी पुलिस की ओर से कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।
आगरा पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल की मौत (IMG: Dynamite News)
आरती वर्ष 2018 बैच की महिला कांस्टेबल थी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले की रहने वाली थी। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। आगरा में वह पुलिस लाइन में रहकर ड्यूटी कर रही थी और एसीपी कार्यालय में तैनात थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दे दी है। परिवार के आगरा पहुंचने और आगे की प्रक्रिया के संबंध में पुलिस कार्रवाई कर रही है।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि महिला कांस्टेबल की मौत की सूचना उसके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Location : Agra
Published : 31 October 2026, 2:46 PM IST