हिंदी
अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम का विरोध (IMG: Dynamite News)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया स्थित 100 फीट मार्ग पर शुक्रवार को कार्रवाई के दौरान दुकानदार और नगर निगम के प्रवर्तन दल के कर्मचारियों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान दुकानदार दीप किशोर के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आरोप है कि अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम के कुछ कर्मचारियों ने दुकानदार दीप किशोर को जमीन पर गिरा दिया और लाठियों से उसकी पिटाई की। मारपीट के दौरान दुकानदार के कपड़े भी फट गए। घटना के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर प्रवर्तन दल के कर्मचारियों और दुकानदार के बीच विवाद तथा मारपीट का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
आगरा में विधवा चाची के घर से गहने और मकान के कागजात गायब, भतीजे पर लगा चोरी का आरोप
वहीं, नगर निगम के प्रवर्तन दल के प्रभारी राहुल गुप्ता ने घटना को लेकर अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि 100 फीट मार्ग पर करीब 30 फीट तक अतिक्रमण कर रखा था। इसी अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची थी। राहुल गुप्ता के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दुकानदार अभद्रता करने लगा और मारपीट पर उतारू हो गया। उन्होंने बताया कि दुकानदार को समझाने की काफी कोशिश की गई।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुए इस विवाद का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। एक ओर दुकानदार के साथ मारपीट किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं, वहीं नगर निगम के प्रवर्तन दल के प्रभारी ने कार्रवाई के दौरान दुकानदार पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
Location : Agra
Published : 30 October 2026, 6:09 PM IST