हिंदी
मलाई प्याज की रेसिपी (Img- Pinterest)
New Delhi: कभी-कभी ऐसा होता है कि घर में कोई हरी सब्जी नहीं होती और समझ नहीं आता कि खाने में क्या बनाया जाए। ऐसे समय में रसोई में मौजूद प्याज आपके काम आ सकता है। प्याज से बनी मलाई प्याज की सब्जी स्वाद और मलाईदार ग्रेवी के मामले में किसी खास डिश से कम नहीं है।
इसका हल्का मीठा स्वाद और मसालों से तैयार क्रीमी ग्रेवी खाने को खास बना देती है। इसे रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसा जा सकता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत भी नहीं पड़ती।
इस सब्जी को बनाने के लिए 5 से 6 छोटे प्याज, आधा कप मलाई या क्रीम, 2 बारीक कटी हरी मिर्च और 2 से 3 चम्मच कटा हरा धनिया लें। इसके अलावा 2 तेज पत्ते, एक चुटकी हींग, एक बड़ा चम्मच तेल, एक इंच कद्दूकस किया अदरक और आधा चम्मच जीरा चाहिए।
मसालों में आधा चम्मच लाल मिर्च, एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच हल्दी, एक चम्मच कसूरी मेथी, आधा चम्मच गरम मसाला और स्वादानुसार नमक शामिल करें।
मलाई प्याज की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले प्याज को छीलकर साफ कर लें। अब गैस पर कड़ाही रखें और उसमें एक बड़ा चम्मच तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर जीरा, हींग और तेज पत्ता डालकर हल्का भूनें।

इसके बाद बारीक कटी हरी मिर्च और कद्दूकस किया अदरक डालें। कुछ देर भूनने के बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और गरम मसाला मिलाएं। मसालों को धीमी आंच पर करीब दो मिनट तक पकाएं, ताकि उनका कच्चापन दूर हो जाए।
जब मसाला अच्छी तरह पक जाए और तेल छोड़ने लगे, तब इसमें आधा कप मलाई या क्रीम डाल दें। इसे मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाएं और धीमी आंच पर पकने दें। ग्रेवी में उबाल आने पर कसूरी मेथी डालकर मिला लें।
अब इसमें छिले हुए छोटे प्याज डालें और मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं। आप चाहें तो प्याज को साबुत रखने के बजाय लंबाई में काटकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे सब्जी का स्वाद और लुक दोनों अलग हो जाएंगे।
रोज के आलू से बोर हो गए? तो आज ही ट्राई करें यह रिच और स्पेशल अफगानी आलू रेसिपी
अब कड़ाही को ढक दें और प्याज को धीमी आंच पर लगभग 10 मिनट तक पकने दें। बीच-बीच में सब्जी को चलाते रहें, ताकि ग्रेवी तली में चिपके नहीं। कुछ देर बाद प्याज गलने लगे तो चेक करें कि वह अच्छी तरह पक गया है या नहीं। अगर ग्रेवी ज्यादा गाढ़ी लगे तो जरूरत के मुताबिक थोड़ा दूध मिला सकते हैं।
आखिर में कटा हुआ हरा धनिया डालकर सब्जी को अच्छी तरह मिला लें। इस तरह आपकी मलाई प्याज की स्वादिष्ट और क्रीमी सब्जी तैयार हो जाएगी। इसे गर्मागर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसें।
Location : New Delhi
Published : 31 October 2026, 2:27 PM IST