हिंदी
जेल में बंद युवक पर चाकू से हमला (Source: Pinterest)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में जेल में निरुद्ध एक युवक की मां ने बेटे पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने छह नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लाल डिग्गी, पानी की टंकी के पीछे रहने वाली अंजू के मुताबिक, उनका बेटा मोनू 9 अगस्त की रात करीब आठ बजे सीमेंट कारोबारी के यहां अपने रुपये लेने गया था। आरोप है कि रुपये मांगने पर संचालक शिवकरन ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर शिवकरन ने अपने बेटों लक्की, भंडारी, अरुण, गौरव और मनीष समेत कुछ अन्य लोगों को बुला लिया।
अंजू का आरोप है कि सभी लोगों ने मोनू को घेरकर सरिया और डंडों से पीटा। इसी दौरान अरुण ने उसके पेट में चाकू मार दिया। गंभीर हालत में मोनू को जेल से एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसके कई ऑपरेशन किए गए।
अंजू का आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने पुलिस को गलत जानकारी दी और उसके बेटे के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करा दिया। उनका कहना है कि मोनू को हमले का शिकार बनाया गया, लेकिन उसे ही आरोपी बना दिया गया।
वहीं, इस मामले में जैन सीमेंट के संचालक शिवकरन की ओर से 10 अगस्त को शाहगंज थाने में अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। शिवकरन ने आरोप लगाया था कि 9 अगस्त को मोनू गेट फांदकर उनके परिसर में आया और उनके साथ मारपीट की। उनके मुताबिक, आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया था।
आगरा नाला हादसा: मिट्टी में दबकर दो मजदूरों की मौत, जांच में सामने आई निर्माण में लापरवाही
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के अनुसार, न्यायालय के आदेश के बाद युवक की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि युवक के खिलाफ पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Agra
Published : 24 September 2026, 1:09 PM IST