हिंदी
कुत्तों के हमले में किसान की मौत (Img: pexels)
Agra: इरादतनगर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घर लौट रहे एक बुजुर्ग किसान पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। रात के अंधेरे में किसान घंटों तक जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष करता रहा, लेकिन सुबह जब राहगीरों की नजर उस पर पड़ी तो उसकी हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया। गंभीर रूप से घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक इरादतनगर थाना क्षेत्र के भिड़ावली गांव निवासी 65 वर्षीय किसान प्रेम सिंह बुधवार रात अपनी ननिहाल गांव सिलोखर में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। देर रात वह पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान इरादतनगर और भिड़ावली के बीच सुनसान मार्ग पर कुत्तों के एक झुंड ने उन्हें घेर लिया।
बताया जा रहा है कि कुत्तों ने किसान पर अचानक हमला कर दिया। अंधेरे और सुनसान इलाके में मदद के लिए कोई मौजूद नहीं था। बुजुर्ग किसान पूरी रात खुद को बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुत्तों के झुंड ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
गुरुवार तड़के रास्ते से गुजर रहे कुछ लोगों ने कुत्तों को बुजुर्ग को नोचते देखा। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने कुत्तों को वहां से भगाया और तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन घायल किसान को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार दोपहर जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। मृतक के भतीजे और ग्राम प्रधान अजय त्यागी ने प्रशासन को मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्र में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसे और हादसे हो सकते हैं।
इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं ताकि किसी अन्य परिवार को इस तरह का दुख न झेलना पड़े।
Location : Agra
Published : 18 June 2026, 9:33 PM IST