हिंदी
मैनपुरी में 14 और 15 मार्च को आयोजित हो रही यूपी पुलिस एसआई भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन ने 11 सेक्टरों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं, जिसमें करीब 11,503 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Mainpuri: जनपद मैनपुरी में 2025 की यूपी पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिले में कुल 11 सेक्टरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में 2880 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली इस परीक्षा में कुल 11,503 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
शनिवार सुबह 8 बजते ही भर्ती केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रशासन की ओर से अनुशासन का कड़ा रुख अपनाते हुए 9:30 बजे के बाद प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद कर दिए गए, जिसके चलते सभी परीक्षार्थी समय रहते अपनी सीटों पर काबिज हो चुके थे। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक चली इस पहली पाली के दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने खुद मोर्चा संभाला और विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए लगभग 650 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सर्विलांस, एलआईयू और साइबर सेल की टीमें भी लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की कोशिश को तुरंत रोका जा सके।
परीक्षा केंद्रों के आसपास भी पुलिस बल की तैनाती की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सघन जांच और दस्तावेजों की जांच के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। कई केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से भी जांच की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या आपत्तिजनक सामग्री परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके।
सीओ सिटी मैनपुरी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।