हिंदी
आज मिलेंगी 30 इलेक्ट्रिक बसें
Noida Desk: जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से पहले नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को परिवहन से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज 12 जून को 30 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। पहले चरण में प्रमुख रूटों पर बसों का संचालन शुरू होगा।
जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से पहले नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। लंबे समय से बेहतर बस सेवा का इंतजार कर रहे लाखों यात्रियों के लिए शुक्रवार को नया अध्याय शुरू होगा। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ करेंगे। पहले चरण में 30 आधुनिक ई-बसें सड़कों पर उतरेंगी। जिससे नोएडा और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। इन बसों का किराया 20 से 50 रुपए के बीच होगा।
यात्रियों के लिए खुशखबरी, जल्द खुलेगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट; जानिये कब उड़ान भरेंगे प्लेन
ई-बस सेवा के शुभारंभ का कार्यक्रम नोएडा के शिल्पहॉट में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से होगा, जहां 10 बसों को प्रदर्शित किया जाएगा। बाकी बसें अपने-अपने डिपो से निर्धारित रूटों पर संचालन शुरू करेंगी। कार्यक्रम में करीब 300 लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बताया कि पहले चरण में कुल 100 ई-बसों के संचालन की योजना है। इनमें नोएडा में 50, ग्रेटर नोएडा में 25 और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 25 बसें संचालित की जाएंगी। फिलहाल शुरुआत 30 बसों से होगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार ने 100 अतिरिक्त बसों को भी मंजूरी दे दी है। ऐसे में वर्ष के अंत तक जिले में करीब 200 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी।
ई-बसों का किराया आम लोगों को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है। बसों में न्यूनतम किराया 20 रुपए और अधिकतम किराया 50 रुपए रखा गया है। इससे रोजाना ऑफिस, कॉलेज और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।
1. नोएडा के सेक्टर-90 में स्थित बस डिपो से शुरू होकर बॉटनिकल गार्डन, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और एक मूर्ति चौक तक।
2. नोएडा के सेक्टर-90 में स्थित बस डिपो से शुरू होकर बॉटनिकल गार्डन से होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक।
3. नोएडा के सेक्टर-90 में स्थित बस डिपो से शुरू होकर बॉटनिकल गार्डन से होते हुए सेक्टर-62 तक।
4. नोएडा के सेक्टर-90 में स्थित बस डिपो से शुरू होकर बॉटनिकल गार्डन से होते हुए फेस-2, सूरजपुर, कलेक्ट्रेट और ग्रेटर नोएडा तक।
नई बस सेवा का सबसे बड़ा फायदा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के गांवों और तेजी से विकसित हो रहे इलाकों को मिलेगा। जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और अन्य बड़ी परियोजनाओं के चलते इस क्षेत्र में आवागमन की मांग लगातार बढ़ रही है। ई-बस सेवा शुरू होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।
Location : Noida
Published : 12 June 2026, 8:39 AM IST