लखनऊ में सस्ते घर का सुनहरा मौका! आगरा एक्सप्रेसवे पर बनेगा ‘वशिष्ठ नगर’, 2 लाख लोगों को मिलेगा आशियाना

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) आगरा एक्सप्रेसवे के पास 1305 एकड़ में 'वशिष्ठ नगर' आवासीय योजना विकसित करने जा रहा है। इस परियोजना पर 1035 करोड़ रुपये खर्च होंगे और करीब 2 लाख लोगों को आवास मिलेगा। वहीं LDA की पांच आवासीय योजनाओं से लगभग 10 लाख लोगों को फायदा होगा। शासन ने योजना को मंजूरी दे दी है और पहली किस्त भी जारी कर दी गई है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 6 August 2026, 8:04 PM IST
google-preferred

Lucknow: राजधानी में सस्ते घर का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) आगरा एक्सप्रेसवे के पास एक और विशाल आवासीय योजना लेकर आ रहा है। शासन ने इस परियोजना को मंजूरी दे दी है और पहली किस्त के रूप में करीब 300 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए हैं। प्रस्तावित 'वशिष्ठ नगर' योजना 1305 एकड़ क्षेत्र में विकसित होगी, जिस पर करीब 1035 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस योजना से दो लाख से अधिक लोगों को आवास मिलेगा, जबकि LDA की कुल पांच नई आवासीय योजनाओं से लगभग 10 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

आगरा एक्सप्रेसवे पर बसेगा नया 'वशिष्ठ नगर'

LDA की नई आवासीय योजना आगरा एक्सप्रेसवे पर प्रस्तावित वरुण विहार योजना के सामने वाली पट्टी पर विकसित की जाएगी। इस टाउनशिप को मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत तैयार किया जा रहा है। योजना का प्रस्ताव 13 अगस्त को होने वाली LDA बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। इस परियोजना में रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इंदवारा, बहरू और जलियामऊ समेत छह गांवों की जमीन शामिल होगी।

NHAI का कड़ा फैसला: कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मरम्मत पूरी होने तक नहीं लगेगा टोल, कंपनी और अधिकारी नपे

1305 एकड़ में बनेगी आधुनिक टाउनशिप

करीब 1305 एकड़ में विकसित होने वाली इस योजना पर 1035 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन पहली किस्त के तौर पर लगभग 300 करोड़ रुपये की मंजूरी दे चुका है। योजना में किसानों से जमीन आपसी सहमति से खरीदी जाएगी, जिससे भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

LDA की सबसे किफायती योजनाओं में होगी शामिल

एलडीए की वरुण विहार योजना को लेकर पहले ही दावा किया जा चुका है कि वहां आवासीय भूखंड अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध होंगे। इसी तर्ज पर प्रस्तावित वशिष्ठ नगर में भी जमीन की कीमत करीब 2500 रुपये प्रति वर्ग फीट रहने की संभावना जताई जा रही है। इससे मध्यम वर्ग और पहली बार घर खरीदने वालों को बड़ी राहत मिल सकती है।

बेहतर कनेक्टिविटी बनेगी सबसे बड़ी ताकत

LDA के अनुसार, वशिष्ठ नगर को आगरा एक्सप्रेसवे, मोहन रोड, लिंक एक्सप्रेसवे और वरुण विहार जैसे प्रमुख कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। भविष्य में हैदर कैनाल एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनने के बाद हजरतगंज से इस क्षेत्र तक की दूरी लगभग 20 मिनट में पूरी होने का अनुमान है, जबकि वर्तमान में इसमें करीब 50 मिनट लगते हैं।

182.30 करोड़ गन्ना भुगतान, जर्जर बिजली लाइन और किसान सुरक्षा… लखनऊ में सरकार के सामने रखीं बड़ी मांगें

पांच योजनाओं से 10 लाख लोगों को मिलेगा लाभ

LDA फिलहाल आईटी सिटी, वेलनेस सिटी, नैमिष नगर, वरुण विहार और अब वशिष्ठ नगर जैसी पांच बड़ी आवासीय योजनाओं पर काम कर रहा है। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद करीब 10 लाख लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है।

लॉन्च की तैयारी पूरी

LDA की नैमिष नगर और वरुण विहार योजनाओं का रेरा पंजीकरण पूरा हो चुका है। प्राधिकरण के अनुसार अब सिर्फ मुख्यमंत्री से समय मिलने का इंतजार है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही दोनों योजनाएं लॉन्च कर दी जाएंगी। LDA के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और नई योजनाओं को जल्द शुरू करने की तैयारी पूरी है।

Location :  Lucknow

Published :  6 August 2026, 8:04 PM IST

Advertisement