गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब: लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी, दान-पुण्य और धार्मिक आयोजनों की धूम

कन्नौज के ऐतिहासिक महादेवी घाट पर गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई, पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। प्रशासन की ओर से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन भी लागू किया गया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 July 2025, 10:04 AM IST
google-preferred

Kannauj News: गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के कन्नौज स्थित महादेवी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आधी रात के बाद से ही सीतापुर, लखीमपुर, हरदोई, इटावा, जालौन, हमीरपुर और महोबा जैसे जनपदों से श्रद्धालु यहां पहुंचने लगे थे। सुबह होते-होते घाट पूरी तरह से श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता को मिली जानकारी के अनुसार, ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान किया और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद घाट पर हवन, पूजन और भंडारे का आयोजन भी किया गया। गुरु पूर्णिमा पर गंगा स्नान का विशेष महत्व माना जाता है, जिससे श्रद्धालु पापों से मुक्ति और पुण्य अर्जन की कामना करते हैं।

दान-पुण्य और धार्मिक आयोजनों की धूम

श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना की और जरूरतमंदों को वस्त्र, भोजन और दक्षिणा देकर दान-पुण्य किया। घाट के चारों ओर साधु-संतों और भजन मंडलियों द्वारा धार्मिक प्रवचन और कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक हो गया।

सुरक्षा व्यवस्था रही सख्त और व्यवस्थित

प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मी तैनात रहीं। गंगा नदी के जल स्तर में वृद्धि को देखते हुए जल पुलिस और गोताखोरों की टीमों को सतर्क किया गया। खतरे वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की गई और चेतावनी चिन्ह लगाए गए ताकि कोई श्रद्धालु गहराई में न जाए।

डायवर्जन व्यवस्था से यातायात रहा सुचारू

हरदोई-कन्नौज मार्ग पर श्रद्धालुओं की अधिकता को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की यातायात बाधा नहीं उत्पन्न हुई। पुलिस बल ने हर क्षेत्र में सक्रिय रहकर भीड़ को नियंत्रित किया और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव किया।

श्रद्धालुओं की प्रतिक्रिया

नितिन बाजपेई कानपुर निवासी जो विशेष रूप से गंगा स्नान के लिए कन्नौज आए थे। उन्होंने बताया कि यहां की गंगा जल अत्यंत शुद्ध और पवित्र है। यहां स्नान करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस की भी सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बेहद सुदृढ़ थी और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।

Location : 
  • Kannauj

Published : 
  • 10 July 2025, 10:04 AM IST

Advertisement
Advertisement