BIG BREAKING: ग्रेटर नोएडा में 7 साल की बच्ची की हत्या, वारदात को बाद शव को बोरी में बांधकर ले गया आरोपी

ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी इलाके में 7 साल की बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया और उसकी हत्या कर दी। CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 29 August 2026, 3:27 PM IST
google-preferred

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दौनी में 7 साल की मासूम बच्ची की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है, वहीं पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

घर से गायब हुई थी मासूम बच्ची

जानकारी के मुताबिक, हल्दौनी इलाके में रहने वाली 7 साल की बच्ची अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर एक पड़ोसी युवक पर शक जताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसके साथ खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

CCTV फुटेज में मिला अहम सुराग

मामले की जांच में जुटी पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक संदिग्ध व्यक्ति बोरी में कुछ ले जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

दुष्कर्म की आशंका से बढ़ी चिंता

इस घटना के बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके के लोगों में इस वारदात को लेकर भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

इकोटेक-3 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और CCTV समेत अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Greater Noida

Published :  29 August 2026, 3:27 PM IST

Advertisement