हिंदी
जनता के बीच पहुंचने पर जोर (Source: Dynamite News)
Gorakhpur: खजनी क्षेत्र स्थित मां कोटही के प्रांगण में शनिवार को कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में आगामी चुनावों को लेकर पार्टी ने अपनी तैयारियों का संकेत दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने की, जबकि सांसद एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक श्याम कुमार दौलत बर्वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। युवाओं की भागीदारी भी खास रही।
मुख्य अतिथि श्याम कुमार दौलत बर्वे ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करना चाहिए। उनके मुताबिक, मजबूत संगठन के जरिए ही आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
श्याम कुमार दौलत बर्वे ने कांग्रेस के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी का संघर्ष आम जनता और देश के मुद्दों से जुड़ा रहा है। उन्होंने शिक्षा, संचार, मोबाइल क्रांति, महिला उत्थान और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कांग्रेस के योगदान का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहे हैं और कांग्रेस जनहित के सवालों को लेकर संघर्ष कर रही है। कार्यकर्ताओं से उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रदेश सचिव सत्य प्रकाश श्रीवास्तव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं को समझना होगा और उनके बीच लगातार सक्रिय रहना होगा।
जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस किसी पहचान की मोहताज नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जनता मौजूदा सरकार से ऊब चुकी है और बदलाव की उम्मीद कर रही है। खजनी में कार्यक्रम के दौरान युवाओं की मौजूदगी को उन्होंने कांग्रेस के प्रति बढ़ते विश्वास का संकेत बताया।
मुफ्त बस का वादा कर बसें ही हटवा दीं! अखिलेश यादव का BJP पर हमला, जाट समाज को लेकर भी पूछे तीखे सवाल
क्षेत्रीय समाजसेवी और पूर्व प्रधान सच्चिदानंद पांडेय ने भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से किए गए कई वादे धरातल पर पूरे नहीं हुए हैं।
कार्यक्रम में रविंद्र मौर्य, रणविजय मौर्य, कोदई त्रिपाठी, हौसिला पांडेय, सुनीता मौर्य, बिगही मंडल अध्यक्ष पक्का दुबे और खजनी मंडल अध्यक्ष दिलीप शुक्ला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खजनी में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। आगामी चुनाव से पहले पार्टी की यह कवायद स्थानीय राजनीति में उसकी तैयारियों की दिशा का संकेत दे रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 29 August 2026, 3:23 PM IST