हिंदी
भाजपा नेता का फाइल फोटो (Image: Social Media)
Bareilly News: बरेली में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। घर से कुछ ही दूरी पर टहलने निकले बीजेपी नेता सचिन कश्यप को पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी बाइक से फरार हो चुके थे। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है।
यह मामला बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र का है, जहां जिला मुख्यालय से करीब ढाई किलोमीटर दूर मांझे वाली बगिया इलाके में रहने वाले 28 वर्षीय सचिन कश्यप की हत्या कर दी गई। सचिन बीजेपी ओबीसी मोर्चा के मणिनाथ मंडल उपाध्यक्ष थे और एक प्रिंटिंग प्रेस में काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार रात सचिन ने घर पर खाना खाया और करीब 10 बजे रोज की तरह टहलने के लिए बाहर निकल गए। घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर कुछ लोग पहले से उनका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही सचिन वहां पहुंचे, हमलावरों ने उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ गाली-गलौज करने के बाद चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद सचिन की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों को आता देख आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से भाग निकले। स्थानीय लोगों ने तुरंत सचिन के परिवार को घटना की जानकारी दी। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो सचिन जमीन पर खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में पड़े थे। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देने के बाद उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सचिन के भाई सनी ने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उनका बाबू नाम के युवक से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों में समझौता हो गया था, लेकिन इसके बाद भी रंजिश बनी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते सचिन की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सचिन अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों महिमा (12), अरुणा (8) और शिवांश (4) के अलावा माता-पिता और भाई-बहनों को छोड़ गए हैं।
सीओ नितिन कुमार ने बताया कि मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Bareilly
Published : 29 August 2026, 2:28 PM IST