हिंदी
आरोपी गिरफ्तार
Muzaffarnagar : मुजफ्फरनगर पुलिस ने मंसूरपुर थाना क्षेत्र में राहगीरों से हुई लूट की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की पूरी रकम 28 हजार 500 रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि 6 जुलाई को बैगराजपुर निवासी मुस्तफा ने मंसूरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, जंगल के रास्ते से गुजरते समय बाइक सवार बदमाशों ने मुस्तफा से 3,500 रुपये लूट लिए। इसी दौरान बदमाशों ने समीर और आरिफ के साथ भी मारपीट की और उनसे भी नगदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसपी सिटी के मुताबिक, पुलिस टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। लगातार दबिश और जांच के बाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
डेढ़ लाख में B.Pharma, 6 लाख में BAMS! मुजफ्फरनगर से उत्तराखंड तक करोड़ों का खेल
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान प्रिंस, राजा उर्फ प्रशांत और सौरभ के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट की पूरी 28,500 रुपये की रकम बरामद की है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
पुलिस अब तीनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इनका संबंध अन्य लूट की घटनाओं से तो नहीं है। एसपी सिटी अमृत जैन ने इस कार्रवाई के लिए सीओ खतौली रूपाली राय चौधरी, प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार त्यागी और पूरी पुलिस टीम की सराहना की है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 July 2026, 7:09 AM IST