हिंदी
दो होटल सीज
Gorakhpur : जिले में अवैध रूप से चल रहे होटल, सराय और ढाबों के खिलाफ प्रशासन अब सख्त मोड में नजर आ रहा है। मंगलवार को गीडा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान दो होटलों को सीज कर दिया। जांच में दोनों होटल बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाए गए। इतना ही नहीं, इन होटलों में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम भी नहीं मिले और फायर विभाग की एनओसी भी उपलब्ध नहीं कराई गई।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी के निर्देशन में उपजिलाधिकारी सहजनवा केशरी नन्दन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गीडा कीर्ति निधि आनंद, तहसीलदार राकेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने क्षेत्र के होटलों की जांच की। टीम ने होटल यूनिक पैलेस और होटल डीएस पैलेस का निरीक्षण किया। होटल डीएस पैलेस बिना बोर्ड के संचालित पाया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल संचालन से जुड़े वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज मांगे, लेकिन होटल प्रबंधक कोई भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों होटलों के आसपास गंदगी फैली हुई थी। होटल परिसर में अग्निशमन यंत्र तक नहीं थे। फायर सर्विस विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं लिया गया था। यह लापरवाही सीधे तौर पर लोगों की सुरक्षा से जुड़ी मानी गई।
अधिकारियों के मुताबिक, होटल प्रबंधकों ने जांच में सहयोग करने के बजाय आपत्तिजनक रवैया अपनाया। इस पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए दोनों होटलों को मौके पर ही नियमानुसार सीज कर दिया। सीलिंग की कार्रवाई होटल प्रबंधकों की मौजूदगी में पूरी की गई। साथ ही उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
प्रशासन ने कहा है कि बिना वैध लाइसेंस, फायर सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के किसी भी होटल, सराय या ढाबे का संचालन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि जनसुरक्षा सबसे जरूरी है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Gorakhpur
Published : 8 July 2026, 12:23 AM IST