The MTA Speaks: 45 दिन घर में कैद, 23 करोड़ की लूट! जानिये डिजिटल अरेस्ट का सबसे बड़ा केस

दिल्ली के 78 वर्षीय पूर्व बैंकर को साइबर ठगों ने 45 दिन तक “डिजिटल अरेस्ट” में रखकर मानसिक रूप से डराते हुए 23 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी कर ली। यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है और इसमें RBI व बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं। जानिए पूरा सच और कैसे बचें ऐसे साइबर जाल से।

Post Published By: Manoj Tibrewal Aakash
Updated : 23 April 2026, 10:44 AM IST
google-preferred

New Delhi: आज के समय में साइबर क्राइम केवल एक कहानी नहीं है… यह उस नए दौर का खतरनाक सच है, जहां अपराधी आपको छूते भी नहीं, लेकिन आपकी पूरी जिंदगी को कंट्रोल कर लेते हैं। इसे कहा जा रहा है “डिजिटल अरेस्ट”। एक ऐसा शब्द जो कानून की किताबों में नहीं मिलता, लेकिन आज हजारों लोगों की जिंदगी में डर बनकर मौजूद है।

वरिष्ठ पत्रकार मनोज टिबड़ेवाल आकाश ने अपने चर्चित शो The MTA Speaks  में देश के सबसे बड़े “डिजिटल अरेस्ट” केस लेकर सटीक विश्लेषण किया। जिसने बैंकिंग सिस्टम, जांच एजेंसियों और यहां तक कि देश की सर्वोच्च अदालत Supreme Court of India को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।

कहां से हुई घटना की शुरुआत?

दरअसल, यह कहानी है दक्षिण दिल्ली के गुलमोहर पार्क में रहने वाले 78 वर्षीय नरेश मल्होत्रा की… एक पूर्व बैंकर, जिन्होंने दशकों तक वित्तीय प्रणाली को समझा, नियमों के तहत काम किया… लेकिन जब अपराधियों ने “डर” और “तकनीक” को मिलाकर हमला किया, तो उनका अनुभव भी बेअसर हो गया।

घटना की शुरुआत होती है 4 जुलाई 2025 से। एक सर्जरी के बाद नरेश मल्होत्रा को डॉक्टरों ने घर पर आराम करने की सलाह दी थी। उम्र, स्वास्थ्य और एकांत, ये तीनों चीजें उन्हें एक आसान टारगेट बना रही थीं। ठीक एक महीने बाद, 1 अगस्त की शाम, उनके फोन पर एक कॉल आती है। फोन करने वाली महिला खुद को एक बड़ी टेलीकॉम कंपनी की अधिकारी बताती है। उसकी आवाज में अधिकार है, शब्दों में तकनीकी जानकारी… और आरोप बेहद गंभीर-“आपका लैंडलाइन नंबर कंप्रोमाइज हो गया है… आपके आधार से मुंबई में बैंक खाते खुले हैं… और उन खातों से 1300 करोड़ रुपये की टेरर फंडिंग हुई है… पुलवामा केस से जुड़ा मामला है… आपको कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है।”

जरा सोचिए, एक 78 साल का व्यक्ति, जो अभी-अभी सर्जरी से उबरा है, उसे अचानक यह बताया जाए कि वह आतंकवाद से जुड़ा हुआ है… यह मानसिक दबाव कितना भयावह होगा।

The MTA Speaks: क्या 2029 के बाद भारत का चुनावी नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा? पढ़ें पूरा विश्लेषण

यहां से शुरू हुआ फर्जी डिजिटल अरेस्ट का खेल

यहीं से शुरू होता है “डिजिटल अरेस्ट” का असली खेल। कॉल को कथित तौर पर मुंबई पुलिस से जोड़ दिया जाता है। वीडियो कॉल्स शुरू होती हैं… स्क्रीन पर वर्दी पहने लोग दिखते हैं… फर्जी आईडी कार्ड दिखाए जाते हैं… और धीरे-धीरे पीड़ित को यह यकीन दिलाया जाता है कि वह एक गंभीर आपराधिक जांच के दायरे में है। इसके बाद अपराधियों ने एक ही रणनीति अपनाई- डर, अलगाव और नियंत्रण।

किसी से भी बात करने से किया मना

नरेश मल्होत्रा को कहा गया कि वे किसी से बात न करें। उनका फोन लगातार निगरानी में रखा गया। उन्हें बताया गया कि उनके घर के बाहर एजेंट मौजूद हैं। अगर उन्होंने किसी को कुछ बताया, तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनकी सारी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। यह एक तरह का “मानसिक लॉकडाउन” था… जिसमें व्यक्ति बाहर से आजाद दिखता है, लेकिन अंदर से पूरी तरह कैद हो जाता है।

करीब 45 दिनों तक, 1 अगस्त से 16 सितंबर 2025 तक नरेश मल्होत्रा इसी डिजिटल कैद में रहे। इस दौरान उनसे अलग-अलग बहानों से पैसे ट्रांसफर कराए गए। कभी कहा गया, “जांच के लिए अकाउंट वेरिफिकेशन जरूरी है”… कभी कहा गया, “आपकी संपत्ति सुरक्षित रखने के लिए इसे सरकारी निगरानी में डालना होगा।” उन्होंने अपने बैंक खातों से पैसे ट्रांसफर किए… अपने निवेश बेचे… यहां तक कि अपने शेयर भी लिक्विडेट कर दिए।

इन सब में सबसे दर्दनाक पहलू जो रहा वो रहा, उनकी पोती की शादी। एक दादा, जो उस खुशी के मौके पर परिवार के साथ होना चाहता है… उसे अपराधियों से “इजाजत” लेनी पड़ती है। और अपराधी कहते हैं-“जाइए, लेकिन हमारी नजर आप पर रहेगी।” यह सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं था… यह इंसान की गरिमा और स्वतंत्रता पर हमला था। 16 सितंबर तक, नरेश मल्होत्रा 22.92 करोड़ रुपये गंवा चुके थे। यानी लगभग 23 करोड़ रुपये, जो अलग-अलग “म्यूल अकाउंट्स” में ट्रांसफर किए गए।

म्यूल अकाउंट्स क्या होते हैं?

ये ऐसे बैंक खाते होते हैं, जो फर्जी दस्तावेजों या किसी और के नाम पर खोले जाते हैं, ताकि अवैध पैसों को इधर-उधर घुमाया जा सके। इस केस में करीब 811 म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल हुआ… और ये खाते देश के 47 अलग-अलग बैंकों में फैले हुए थे। यानी यह कोई छोटा गैंग नहीं था… यह एक संगठित, मल्टी-लेयर साइबर क्राइम नेटवर्क था।

जब आखिरकार नरेश मल्होत्रा इस जाल से बाहर निकले, तो उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। मामला दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट तक पहुंचा। जांच में जो सामने आया, उसने सिस्टम की कमजोरियों को उजागर कर दिया। इतनी बड़ी रकम, इतने खातों में, इतने कम समय में ट्रांसफर होती रही… लेकिन बैंकों ने समय रहते कोई अलर्ट नहीं दिया। KYC और AML, यानी Know Your Customer और Anti-Money Laundering नियम, कागजों तक सीमित रह गए।

सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला

यह मामला जब सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया तक पहुंचा, तो अदालत ने इसे सिर्फ एक केस के रूप में नहीं देखा… बल्कि एक सिस्टम फेल्योर के रूप में लिया। कोर्ट ने जांच सीबीआई (Central Bureau of Investigation) को सौंप दी और यह भी कहा कि 10 करोड़ से अधिक के डिजिटल अरेस्ट मामलों की जांच एक केंद्रीकृत एजेंसी द्वारा की जानी चाहिए।

फरवरी 2026 में, कोर्ट ने आरबीआई (Reserve Bank of India) को निर्देश दिया कि वह डिजिटल फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों के लिए स्पष्ट और अनिवार्य गाइडलाइंस तैयार करे। इसके बाद RBI ओम्बड्समैन ने इस केस की जांच की… और पांच बड़े बैंकों, Axis Bank, ICICI Bank, IndusInd Bank, Yes Bank और City Union Bank की लापरवाही सामने आई।

ओम्बड्समैन ने पाया कि इन बैंकों ने संदिग्ध ट्रांजैक्शन्स की निगरानी ठीक से नहीं की… म्यूल अकाउंट्स को समय रहते चिन्हित नहीं किया… और KYC/AML नियमों का सख्ती से पालन नहीं किया। जिसका नतीजा ये रहा कि इन बैंकों को मिलकर 1.31 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया गया। हालांकि यह रकम 23 करोड़ के नुकसान के मुकाबले बहुत छोटी है, लेकिन यह एक महत्वपूर्ण संदेश जरूर देती है कि अब बैंक भी जवाबदेह होंगे। लेकिन नरेश मल्होत्रा की लड़ाई यहीं खत्म नहीं हुई। उन्होंने पूरी राशि, 22.92 करोड़ रुपये ब्याज और टैक्स नुकसान के साथ वापस पाने के लिए अपील दायर की है।

कई बड़े सवाल खड़े करता है ये केस

यह मामला कई बड़े सवाल भी खड़े कर रहा है कि क्या हमारा बैंकिंग सिस्टम इतना सक्षम है कि वह रियल-टाइम में बड़े फ्रॉड को पहचान सके? क्या साइबर क्राइम से निपटने के लिए हमारी जांच एजेंसियां तकनीकी रूप से तैयार हैं?
और सबसे बड़ा सवाल, क्या आम नागरिक इस नए तरह के अपराध से खुद को बचा सकता है?

The MTA Speaks: राघव चड्ढा का अगला कदम क्या? AAP में अंदरूनी कलह या बड़ी सियासी साजिश?

गौरतलब है कि “डिजिटल अरेस्ट” कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है… कोई भी पुलिस या जांच एजेंसी आपको फोन या वीडियो कॉल पर “अरेस्ट” नहीं करती। यह पूरी तरह से अपराधियों द्वारा रचा गया एक भ्रम है, जिसमें कानून का डर दिखाकर लोगों को मानसिक रूप से बंधक बना लिया जाता है। इस केस से एक और बड़ी बात सामने आती है, साइबर अपराध अब सिर्फ तकनीकी नहीं रहा… यह मनोवैज्ञानिक युद्ध बन चुका है। अपराधी आपके दिमाग को कंट्रोल करते हैं, आपके फैसलों को प्रभावित करते हैं… और आपको उसी रास्ते पर चलने के लिए मजबूर करते हैं, जो उन्हें फायदा पहुंचाता है।

सरकार, RBI और जांच एजेंसियों के लिए यह एक चेतावनी है, अगर सिस्टम को मजबूत नहीं किया गया, तो ऐसे मामले और बढ़ेंगे।

यह मामला हम सबके लिए भी यह एक सबक है कि कभी भी किसी अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी “गिरफ्तारी” या “जांच” के नाम पर पैसे ट्रांसफर न करें और  सबसे जरूरी बात कि डर के माहौल में फैसले न लें। क्योंकि डिजिटल युग में सबसे बड़ा हथियार है, आपकी समझ और सतर्कता। मामला अभी भी जांच और न्यायिक प्रक्रिया में है। सुप्रीम कोर्ट का अंतिम फैसला आना बाकी है… और पूरा देश इस पर नजर बनाए हुए है।

Location :  New Delhi

Published :  23 April 2026, 10:44 AM IST

Advertisement