हिंदी
टिकटॉक (Img: Google)
New Delhi: भारत सरकार ने शुक्रवार को उन तमाम खबरों और दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि चाइनीज वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म TikTok से प्रतिबंध हटा लिया गया है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सूत्रों ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत में TikTok की वापसी को लेकर कोई भी आदेश जारी नहीं हुआ है। मंत्रालय के अनुसार, सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में चल रही यह जानकारी पूरी तरह भ्रामक और निराधार है।
हालांकि, कुछ यूजर्स ने दावा किया कि वे TikTok की वेबसाइट को एक्सेस करने में सक्षम थे, लेकिन वे न तो वीडियो अपलोड कर पा रहे थे और न ही कंटेंट देख पा रहे थे। भारत में ऐप स्टोर्स पर यह एप्लिकेशन अब भी उपलब्ध नहीं है। दूरसंचार विभाग (DoT) से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISPs) ने TikTok की वेबसाइट को लगातार ब्लॉक किया हुआ है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कुछ यूजर्स इसे सीमित रूप से कैसे एक्सेस कर पा रहे हैं।
भारत सरकार ने जून 2020 में 59 मोबाइल एप्लिकेशन पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया था। इन ऐप्स में ज्यादातर चीनी ऐप्स शामिल थे, जिनमें TikTok, UC Browser, WeChat और CamScanner जैसे बेहद लोकप्रिय नाम भी शामिल थे। सरकार ने यह कदम उस समय उठाया था, जब चीन और भारत के बीच सीमा पर तनाव चरम पर था।
पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में 15-16 जून 2020 की रात भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें भारतीय सेना के जवानों ने वीरगति पाई थी। इसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में गहरा तनाव पैदा हो गया था। भारत सरकार ने इस घटना के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और नागरिकों की डेटा प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगाने का बड़ा फैसला लिया।
सरकार ने इन ऐप्स को भारत की सुरक्षा और अखंडता के लिए खतरा बताया था। टेक एक्सपर्ट्स ने भी चेताया था कि TikTok समेत अन्य चीनी ऐप्स भारतीय यूजर्स का लोकेशन और निजी डेटा इकट्ठा करते हैं और इसे चीन स्थित सर्वरों पर ट्रांसफर करते हैं। यही कारण था कि केंद्र सरकार ने इन एप्लिकेशन्स पर प्रतिबंध को आवश्यक कदम बताया था।
हालांकि TikTok के बैन पर सरकार ने अपना रुख साफ कर दिया है, लेकिन ई-कॉमर्स वेबसाइट Aliexpress और ऑनलाइन फैशन ब्रांड SHEIN को लेकर अब तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। ऐसे में इन प्लेटफॉर्म्स की स्थिति को लेकर अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
भारत सरकार के ताजा बयान के बाद यह साफ हो गया है कि TikTok पर लगाया गया प्रतिबंध फिलहाल जारी रहेगा और इसकी वापसी की अटकलें सिर्फ अफवाह हैं। सरकार का कहना है कि किसी भी ऐप को अनब्लॉक करने का निर्णय केवल सुरक्षा एजेंसियों की सिफारिश और राष्ट्रीय हितों को देखते हुए लिया जा सकता है।
Location : New Delhi
Published : 23 August 2025, 11:43 AM IST
Topics : Aliexpress Government of India SHEIN tech news TikTok