हिंदी
मोबाइल सुरक्षा ऐप परमिशन (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
New Delhi: मोबाइल फोन पर नई ऐप इंस्टॉल करते समय अक्सर लोग बिना सोचे-समझे सभी परमिशन Allow कर देते हैं। लेकिन कुछ परमिशन ऐसी होती हैं जो आपके डेटा और प्राइवेसी के लिए खतरा बन सकती हैं। जानिए कौन-कौन सी परमिशन भूलकर भी Allow न करें।
Accessibility Access का उद्देश्य दिव्यांग यूजर्स की मदद करना है। इसके जरिए टेक्स्ट को जोर से पढ़कर सुनाना और अन्य सहायक फीचर्स मिलते हैं। लेकिन अगर किसी अनट्रस्टेड ऐप को यह परमिशन मिल जाए तो वह स्क्रीन पर हो रही हर एक्टिविटी को देख सकता है। इसका मतलब यह है कि आपका पासवर्ड, मैसेज और यहां तक कि आपके द्वारा किए जाने वाले ट्रांजेक्शन भी ऐप देख और नियंत्रित कर सकती है। इसलिए जरूरत न होने पर इस परमिशन को Allow न करें।
‘Appear on Top’ या ‘Display over other apps’ जैसी परमिशन ऐप को दूसरी ऐप्स के ऊपर अपना कंटेंट दिखाने की अनुमति देती है। यह फंक्शनली खतरनाक नहीं है, लेकिन अगर संदिग्ध ऐप के पास यह परमिशन हो तो वह बैंकिंग या सोशल मीडिया ऐप्स पर फर्जी लॉग-इन स्क्रीन दिखाकर आपकी निजी जानकारी चुरा सकती है। ऐसे में यह परमिशन केवल भरोसेमंद ऐप्स को ही दें।
Install Unknown Apps की परमिशन ऐप्स को Google Play Store के बाहर किसी भी अनजान सोर्स से इंस्टॉल करने की अनुमति देती है। साइबर अपराधी अक्सर इसी रास्ते से मैलवेयर फैलाते हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध सोर्स से APK फाइल डाउनलोड करने से बचें और केवल भरोसेमंद सोर्स से ही ऐप इंस्टॉल करें।
कई ऐप्स, जैसे टॉर्चलाइट, भी Contacts और SMS Access की परमिशन मांगती हैं। अगर ऐप को ये फीचर्स इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं है, तो इन परमिशन को कभी Allow न करें। Contacts में फोन नंबर, ईमेल और अन्य निजी जानकारी होती है, जबकि SMS में बैंक OTP और पर्सनल मैसेज मौजूद रहते हैं। गलत हाथों में यह जानकारी आपके लिए गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है।
Tech News: सितंबर 2026 में आ सकता है Apple का अल्ट्रा-स्लिम iPhone, मिलेंगे दमदार अपग्रेड्स
मोबाइल यूजर्स को ऐप इंस्टॉल करते समय हर परमिशन पर ध्यान देना चाहिए। केवल आवश्यक परमिशन Allow करें और गैर-जरूरी या संदिग्ध परमिशन को हमेशा Deny करें। इस सावधानी से आप अपने फोन को कंट्रोल से बाहर होने और डेटा चोरी से सुरक्षित रख सकते हैं।
Location : New Delhi
Published : 16 May 2026, 11:53 AM IST