हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: गर्मी का मौसम चल रहा है और इसका असर इंसानों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर भी साफ दिखाई दे रहा है। इस समय स्मार्टफोन का ओवरहीट होना एक आम समस्या बन चुका है। कई बार फोन इतना गर्म हो जाता है कि उसे हाथ में पकड़ना भी मुश्किल हो जाता है। लगातार गेमिंग, वीडियो रिकॉर्डिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और चार्जिंग के दौरान इस्तेमाल करने जैसी आदतों के कारण फोन तेजी से गर्म होने लगता है। कई मामलों में ओवरहीटिंग की वजह से फोन फटने या आग लगने जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं।
मोबाइल एक्सपर्ट्स के अनुसार फोन ओवरहीट होने पर सबसे ज्यादा असर उसकी बैटरी पर पड़ता है। लगातार ज्यादा तापमान में रहने से बैटरी की क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है। कई बार बैटरी फूलने लगती है, जल्दी डिस्चार्ज होने लगती है या फिर फोन अचानक बंद होने लगता है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो बैटरी के साथ-साथ मदरबोर्ड और प्रोसेसर पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए ओवरहीटिंग की समस्या को हल्के में लेना नुकसानदायक साबित हो सकता है।
Tech News: टेलीफोटो कैमरा से लेकर शानदार डिस्प्ले तक, Xiaomi 18 में जानें क्या होगा खास?
फोन के गर्म होने के पीछे कई कारण होते हैं। लंबे समय तक गेम खेलना, हाई रेजोल्यूशन वीडियो रिकॉर्ड करना और लगातार वीडियो स्ट्रीमिंग करना इसके प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा बैकग्राउंड में कई ऐप्स का एक साथ चलना और खराब नेटवर्क में इंटरनेट इस्तेमाल करना भी फोन को गर्म कर देता है। फास्ट चार्जिंग के दौरान फोन का इस्तेमाल करना, लोकल या पुराने चार्जर का उपयोग और फोन का स्टोरेज फुल होना भी ओवरहीटिंग का कारण बनता है। कई लोग चार्जिंग के दौरान फोन को बिस्तर या कपड़े पर रख देते हैं, जिससे गर्मी बाहर नहीं निकल पाती और तापमान तेजी से बढ़ जाता है।
टेक एक्सपर्ट्स के अनुसार गर्मी में फोन को डायरेक्ट सनलाइट में या कार के अंदर छोड़ना सबसे ज्यादा खतरनाक हो सकता है। कई लोग फोन को जल्दी ठंडा करने के लिए फ्रिज या बर्फ के पास रख देते हैं, लेकिन यह तरीका भी नुकसानदायक है। अचानक तापमान बदलने से फोन के अंदर नमी बन सकती है, जिससे इंटरनल पार्ट्स खराब हो सकते हैं।
अगर फोन जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाए तो सबसे पहले उसे चार्जिंग से हटा देना चाहिए। इसके बाद फोन का मोटा बैक कवर निकाल देना चाहिए ताकि गर्मी आसानी से बाहर निकल सके। कुछ समय के लिए फोन को एयरप्लेन मोड पर डालना या स्विच ऑफ करना भी फायदेमंद होता है। कमजोर नेटवर्क में फोन लगातार सिग्नल खोजता रहता है, जिससे बैटरी और प्रोसेसर पर दबाव बढ़ता है। ऐसे में मोबाइल डेटा या नेटवर्क को कुछ देर के लिए बंद करना भी मदद कर सकता है।
Tech News: WhatsApp वॉइस नोट से लग सकेगा डिप्रेशन का पता? साइंटिस्ट्स ने बनाया नया AI मॉडल
एंड्रॉयड यूजर्स वाई-फाई स्कैनिंग और ब्लूटूथ स्कैनिंग को बंद कर सकते हैं। जरूरत न होने पर लोकेशन और माइक्रोफोन परमिशन हटाना भी उपयोगी होता है। जिन फोन्स में 120Hz स्क्रीन रिफ्रेश रेट है, उन्हें 60Hz पर करने से बैटरी की खपत कम होती है और फोन कम गर्म होता है। अगर फास्ट चार्जिंग के दौरान लगातार हीटिंग हो रही है तो इसे बंद करना भी एक बेहतर विकल्प माना जाता है।
Location : New Delhi
Published : 24 May 2026, 11:47 AM IST