Gorakhpur: राहुल गांधी ने मृतक कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडे के पिता दीपक पांडे से की बात

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मृतक कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडे के पिता दीपक पांडे से फोन पर बात की। इस दौरान राहुल गांधी ने जल्द उनसे मिलने का वादा किया। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट।

Updated : 20 December 2024, 9:29 PM IST
google-preferred

गोरखपुर: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज मृतक प्रभात पांडेय के पिता से फोन पर बात कर संवेदना व्यक्त की। राहुल गांधी ने कहा कि वह और कांग्रेस पार्टी उनके और पूरे परिवार के साथ खड़ी है। फोन पर राहुल गांधी ने जल्द ही उनसे मिलने का वादा किया। इसके जवाब में प्रभात के पिता ने कहा कि वह क्या कहें, उन्होंने अपने बुढ़ापे का सहारा खो दिया है। उनके घर का इकलौता चिराग बुझ गया है। इस दौरान राहुल गांधी उनसे बार-बार सॉरी कहते रहे। 

जब राहुल गांधी ने पूछा कि क्या हुआ तो दीपक पांडेय रोने लगे। रोते हुए उन्होंने कहा कि बुढ़ापे का सहारा छिन गया। उनके घर का इकलौता चिराग बुझ गया। वह कैसे बताएं कि क्या हुआ था। प्रभात की मां बुधवार दोपहर एक बजे से तीन बजे तक फोन करती रहीं। उनका फोन नहीं लग रहा था। जब लखनऊ से उनके भाई मनीष पांडेय को फोन किया गया तो बताया गया कि उनका भतीजा काफी देर से कांग्रेस कार्यालय में बेहोश पड़ा है। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बुधवार शाम यानी 18 दिसंबर को गांव में फोन आया कि उनके बेटे प्रभात पांडेय की मौत हो गई है।

राहुल गांधी ने प्रभात के पिता से कहा कि अगर उन्हें और परिवार के लोगों को किसी तरह की मदद की जरूरत हो तो वे उन्हें जरूर बताएं। वह उनके और परिवार के साथ खड़े हैं। दीपक ने राहुल गांधी को घटना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब उनका बेटा वापस नहीं आएगा। उन्हें खुद नहीं पता कि उनके बेटे की मौत कैसे हुई। इस बीच वह रोते रहे। इस दौरान राहुल गांधी ने जल्द ही उनसे मिलने गांव आने का वादा भी किया है।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक गोरखपुर के देईपार गांव निवासी प्रभात पांडेय दो दिन पहले 18 दिसंबर को लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में अचेत अवस्था में पड़े मिले थे। शाम करीब पांच बजे प्रभात को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच इस मुद्दे राजनीति शुरू हो गई। मृतक प्रभात पांडेय के चाचा मनीष पांडेय ने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 103 के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। गुरुवार को मृतक प्रभात पांडेय का पार्थिव शरीर गोरखपुर के देईपार पहुंचा तो अंतिम संस्कार के दौरान मोक्षधाम पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।

Published : 
  • 20 December 2024, 9:29 PM IST

Advertisement
Advertisement