हिंदी
उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश विधासभा की सीढ़ियों पर धरने पर बैठ गए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंगलचट्टी बैरियर पर प्रचंड प्रदर्शन किया। इस दौरान उनके और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई।
प्रदर्शन
Chamoli: उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन भी हंगामेदार होने के आसार हैं। जहां एक ओर प्रश्नकाल के चलते सदन में गर्मा-गर्मी का माहौल रहेगा, वहीं दूसरी ओर विपक्षी कांग्रेस ने सदन के बाहर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ अपने इरादे जता दिये हैं।
सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जंगलचट्टी बैरियर पर कांग्रेसियों ने हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने बैरियर पार करने की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थित बन गई। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
कांग्रेस का कहना है कि विधानसभा का सत्र पांच दिन नहीं, बल्कि 21 दिन चलना चाहिए। करीब 600 प्रश्न विधायकों ने सत्र में उठाने के लिए भेजे हैं। इतने प्रश्नों के लिए पर्याप्त समय चाहिए।
Haldwani News: दहेज प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता का हल्द्वानी में हंगामा, पुलिस भवन में धरना
एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंगल चट्टी में प्रदर्शन किया, तो दूसरी तरफ कांग्रेस बजट सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही कांग्रेस के विधायक पोस्टर लेकर विधानसभा की मुख्य सीढ़ियों पर बैठ गए।
हल्द्वानी के आईएसबीटी और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की खामियों व विभिन्न मुद्दों को लेकर गैरसैण विधानसभा परिसर में हल्द्वानी के विधायक सुमित हृदयेश सीढ़ियों पर धरने पर बैठ गए। इसके कारण विधानसभा के अंदर प्रवेश करने का रास्ता बाधित हो गया। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी और अन्य विधायक किनारे से सीढ़ियां चढ़ते हुए विधानसभा के अंदर गए।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने काफी पहले ही यह संदेश दे दिया था कि वह बजट सत्र के दौरान जनता के सवालों को जोर-शोर से उठाएगी। हुआ भी यही। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने से पहले ही उसने अपना दममखम दिखाना शुरू कर दिया। सोमवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का संबोधन शुरू होने के साथ ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। राज्यपाल का अभिभाषण शुरू हुआ ही था कि कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।